चुनावी बॉन्ड पर रोक! फिर भी BJP के चंदे में जबरदस्त उछाल, जनरल फंड 12 हजार करोड़ पार

Rahul Goshwami

नई दिल्ली : भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने वित्तीय वर्ष 2024-25 की अपनी वार्षिक ऑडिट रिपोर्ट भारत निर्वाचन आयोग (ECI) को सौंप दी है। रिपोर्ट के मुताबिक, भाजपा की आर्थिक स्थिति में इस साल उल्लेखनीय मजबूती दर्ज की गई है। पार्टी को रिकॉर्ड स्तर पर चंदा मिला है और उसका जनरल फंड 12,164 करोड़ रुपये तक पहुंच गया है।

चुनाव आयोग को दी गई रिपोर्ट में पार्टी की आय, सावधि जमा, ब्याज से होने वाली कमाई और चुनावी खर्च का विस्तृत विवरण शामिल है, जो भाजपा को देश की सबसे समृद्ध राजनीतिक पार्टी के रूप में स्थापित करता है।

चंदे में 54% की छलांग

ऑडिट रिपोर्ट के अनुसार, वर्ष 2024-25 में भाजपा को 6,125 करोड़ रुपये का चंदा प्राप्त हुआ। यह राशि पिछले वित्तीय वर्ष 2023-24 के 3,967 करोड़ रुपये की तुलना में लगभग 54 प्रतिशत अधिक है। इससे साफ है कि पार्टी के फंड कलेक्शन में तेज़ बढ़ोतरी हुई है।

जनरल फंड और FD में भारी बढ़ोतरी

31 मार्च 2025 तक भाजपा का जनरल फंड बढ़कर 12,164 करोड़ रुपये हो गया, जबकि पिछले साल यह 9,169 करोड़ रुपये था।
इसके अलावा पार्टी के पास 9,390 करोड़ रुपये की सावधि जमा (FD) है।

बैंकों से मिलने वाले ब्याज के रूप में भाजपा को अकेले इस साल 634 करोड़ रुपये की आय हुई। वहीं, पार्टी ने 65.92 करोड़ रुपये का आयकर रिफंड क्लेम किया, जिस पर 4.40 करोड़ रुपये का ब्याज भी मिला।

Read More : अरावली पहाड़ियों पर सुप्रीम कोर्ट सख्त! अवैध खनन पर ‘जीरो टॉलरेंस’, 100 मीटर नियम पर रोक बरकरार

चुनाव प्रचार पर खर्च हुआ दोगुना बजट

दिल्ली में आम आदमी पार्टी (AAP) और ओडिशा में बीजू जनता दल (BJD) को सत्ता से बाहर करने के प्रयासों के बीच भाजपा का चुनावी खर्च लगभग दोगुना हो गया।

  • कुल चुनावी खर्च: 3,335.36 करोड़ रुपये

  • पिछले साल: 1,754.06 करोड़ रुपये

  • कुल खर्च में हिस्सेदारी: 88.36%

प्रचार में कहां-कहां खर्च हुए करोड़ों

भाजपा ने चुनावी अभियान के दौरान विभिन्न माध्यमों पर बड़े पैमाने पर खर्च किया:

  • इलेक्ट्रॉनिक मीडिया प्रचार: ₹1,125 करोड़

  • विमान व हेलीकॉप्टर यात्रा: ₹583 करोड़

  • विज्ञापन: ₹897 करोड़

  • होर्डिंग्स व बैनर: ₹107 करोड़

  • उम्मीदवारों को सहायता: ₹312.9 करोड़

  • रैलियां व जनसभाएं: ₹90.93 करोड़

  • संगठनात्मक बैठकें: ₹51.72 करोड़

नितिन नबीन को मिला फंड पर पूरा अधिकार

नेतृत्व परिवर्तन के बाद भाजपा के नए राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन को पार्टी की विशाल धनराशि के उपयोग का वैधानिक अधिकार मिल गया है। रिपोर्ट के अनुसार, 2024-25 में पार्टी के खातों में 2,882.32 करोड़ रुपये की शुद्ध वृद्धि दर्ज की गई।

Share The News
Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *