रायपुर : छत्तीसगढ़ में मौसम का मिजाज एक बार फिर बदला हुआ नजर आ रहा है। गुरुवार को उत्तर छत्तीसगढ़ के कोरिया, मनेन्द्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर, सूरजपुर, बलरामपुर, सरगुजा और जशपुर जिलों के कई इलाकों में शीतलहर की स्थिति बनी रही। ठंडी हवाओं और गिरते तापमान के कारण लोगों को कड़ाके की ठंड का सामना करना पड़ा।
मध्य और दक्षिण छत्तीसगढ़ में राहत
जहां उत्तर हिस्सों में ठिठुरन बढ़ी, वहीं रायपुर, बिलासपुर समेत मध्य छत्तीसगढ़ के जिलों में न्यूनतम और अधिकतम तापमान में बढ़ोतरी दर्ज की गई। दक्षिण छत्तीसगढ़ के इलाकों में भी मौसम अपेक्षाकृत सामान्य रहा और तापमान में हल्का इजाफा देखा गया।
अंबिकापुर रहा सबसे ठंडा
पिछले 24 घंटों के दौरान अंबिकापुर प्रदेश का सबसे ठंडा शहर रहा, जहां न्यूनतम तापमान 4.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। पेंड्रारोड में न्यूनतम तापमान 10 डिग्री और दुर्ग में 10.8 डिग्री सेल्सियस रहा। वहीं राजधानी रायपुर और माना में न्यूनतम तापमान 13.9 डिग्री दर्ज किया गया।
रायपुर-बिलासपुर में तापमान बढ़ा
मौसम विभाग के अनुसार रायपुर में अधिकतम तापमान 27.9 डिग्री और बिलासपुर में 26 डिग्री सेल्सियस रहा। शुक्रवार को रायपुर में अधिकतम तापमान 28 डिग्री और न्यूनतम 15 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने की संभावना है।
आज भी शीतलहर का अलर्ट
मौसम विभाग ने चेतावनी जारी करते हुए कहा है कि शुक्रवार को भी उत्तर छत्तीसगढ़ के कुछ हिस्सों में शीतलहर चल सकती है। हालांकि अगले दो दिनों के बाद न्यूनतम तापमान में 1 से 3 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ोतरी के संकेत हैं।









