Indore Cyber Fraud News : इंदौर। मध्य प्रदेश की आर्थिक राजधानी इंदौर में साइबर ठगों ने अब तक की सबसे रहस्यमयी वारदात को अंजाम दिया है। एक जैन साध्वी के बैंक खाते से 24 लाख रुपये की बड़ी रकम पार कर दी गई। चौंकाने वाली बात यह है कि इस पूरी प्रक्रिया के दौरान न तो साध्वी के पास कोई ओटीपी आया और न ही बैंक की ओर से ट्रांजेक्शन का कोई अलर्ट मैसेज मिला।
22 दिसंबर की रात हुआ ‘डिजिटल सर्जिकल स्ट्राइक’: साध्वी का बैंक खाता एसबीआई (SBI) की छिंदवाड़ा शाखा में है। साइबर अपराधियों ने 22 और 23 दिसंबर 2025 की दरमियानी रात को इस वारदात को अंजाम दिया। ठगों ने तकनीकी सेंधमारी करते हुए 4-4 लाख रुपये के कुल 6 ट्रांजेक्शन किए। साध्वी ने पुलिस को स्पष्ट किया कि उन्होंने न तो किसी संदिग्ध लिंक पर क्लिक किया और न ही अपनी कोई जानकारी किसी से साझा की।
सीसीटीवी और एटीएम लोकेशन खंगाल रही पुलिस: इतनी बड़ी राशि निकलने के बावजूद बैंक का सुरक्षा सिस्टम ‘अलर्ट’ क्यों नहीं हुआ, यह जांच का बड़ा विषय है। इंदौर राज्य साइबर सेल ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस अब उन खातों की कुंडली खंगाल रही है जिनमें पैसा ट्रांसफर हुआ है। साथ ही, जिन शहरों के एटीएम से रकम निकाली गई है, वहां के सीसीटीवी फुटेज भी जब्त किए जा रहे हैं।
अधिकारियों का बयान: राज्य साइबर सेल इंदौर के डीएसपी नरेंद्र सिंह रघुवंशी ने बताया कि मामला तकनीकी रूप से काफी जटिल है। पुलिस हर उस कड़ी को जोड़ रही है जिससे अपराधियों तक पहुँचा जा सके। अंदेशा जताया जा रहा है कि यह किसी बड़े अंतर्राज्यीय साइबर गैंग का काम हो सकता है जो बैंकिंग सुरक्षा तंत्र को चकमा देने में माहिर है।









