Tatapani Mahotsav 2026 : मोहम्मद याकुब/धरसीवां/तातापानी। ऐतिहासिक और धार्मिक आस्था के केंद्र तातापानी महोत्सव का आगाज बेहद भव्य और रंगारंग रहा। महोत्सव की पहली ही शाम छत्तीसगढ़ी सिनेमा के सुपरस्टार और पद्मश्री अनुज शर्मा के नाम रही। अपनी जादुई आवाज और चिर-परिचित अंदाज से उन्होंने कड़ाके की ठंड में भी दर्शकों के भीतर उत्साह का संचार कर दिया।
सांस्कृतिक मंच पर बिखरी माटी की महक: मुख्य अतिथियों द्वारा दीप प्रज्ज्वलन के साथ शुरू हुए इस महोत्सव में जैसे ही अनुज शर्मा मंच पर आए, पूरा पंडाल तालियों की गड़गड़ाहट से गूंज उठा। उन्होंने अपने सुपरहिट फिल्मी गानों के साथ-साथ छत्तीसगढ़ के पारंपरिक लोकगीतों की ऐसी प्रस्तुति दी कि हजारों की संख्या में मौजूद जनसैलाब झूमने पर मजबूर हो गया।
“तातापानी महोत्सव हमारी असली पहचान” – अनुज शर्मा मंच से दर्शकों को संबोधित करते हुए अनुज शर्मा ने तातापानी की पावन धरा को नमन किया। उन्होंने कहा, “तातापानी महोत्सव केवल एक मेला नहीं, बल्कि उत्तर छत्तीसगढ़ की आस्था और संस्कृति का संगम है। ऐसे आयोजनों से हमारी नई पीढ़ी अपनी जड़ों और लोक संगीत से जुड़ती है।” उन्होंने जिला प्रशासन की सराहना करते हुए कहा कि तातापानी के गर्म जल स्त्रोतों जैसी प्राकृतिक धरोहरों को विश्व स्तर पर पहचान दिलाने के लिए यह महोत्सव एक मील का पत्थर है।
सुरक्षा और सम्मान: भीड़ को नियंत्रित करने और महोत्सव को सफल बनाने के लिए जिला प्रशासन द्वारा सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए थे। कार्यक्रम के समापन पर प्रशासनिक अधिकारियों ने अनुज शर्मा और उनके संगीत दल को स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया। तातापानी की गर्म लहरों और अनुज शर्मा के सुरों ने इस शाम को यादगार बना दिया।











