CG NEWS: गरियाबंद। छत्तीसगढ़ के गरियाबंद जिले में आयोजित अश्लील कार्यक्रम को लेकर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। आयोजन समिति से जुड़े 14 लोगों को गिरफ्तार किया गया है। सभी आरोपियों पर शांति भंग करने और सार्वजनिक स्थान पर अश्लीलता फैलाने से संबंधित धाराओं के तहत कार्रवाई की जा रही है। सभी को देवभोग एसडीएम न्यायालय में पेश किया जाएगा।
CG NEWS: पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों में देवेंद्र राजपूत (31), गोविंद देवांगन (21), नरेंद्र साहू (38), हसन खान (53), हरदयाल नागेश (50), मुकेश अग्रवाल (40), लाल कृष्ण कश्यप (27), राजेश कश्यप (36), सचिन कश्यप (24), लीलाधर साहू (50), ललित कौशिक (38), विकास यादव (32), जम्बूधर (40) और उमेश यादव (25) शामिल हैं।
CG NEWS: पुलिस का कहना है कि कार्यक्रम के दौरान सार्वजनिक मर्यादाओं का उल्लंघन हुआ, जिससे क्षेत्र में शांति व्यवस्था प्रभावित होने की आशंका बनी। मामले की गंभीरता को देखते हुए विभागीय स्तर पर भी कार्रवाई की गई है। अब तक लापरवाही के आरोप में तीन पुलिसकर्मियों को निलंबित किया जा चुका है। वहीं मैनपुर एसडीएम तुलसी दास मरकाम के खिलाफ भी जांच प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि सार्वजनिक स्थलों पर अश्लील गतिविधियों और कानून व्यवस्था भंग करने वालों के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।











