Thursday, September 10, 2026
Home Madhya Pradesh Indore Indore Chinese Manjha Accident : इंदौर में चाइनीज मांझे का खूनी खेल:...

Indore Chinese Manjha Accident : इंदौर में चाइनीज मांझे का खूनी खेल: बाइक सवार रघुवीर धाकड़ का गला कटा, अस्पताल पहुंचने से पहले मौत

Indore Chinese Manjha Accident : इंदौर। शहर में प्रतिबंधित चाइनीज मांझे का कहर थमने का नाम नहीं ले रहा है। रविवार को एक बार फिर इस जानलेवा मांझे ने एक हंसते-खेलते परिवार की खुशियां उजाड़ दीं। कनाडिया और तिलक नगर के बीच स्थित फ्लाइओवर पर बाइक सवार एक अधेड़ व्यक्ति का गला चाइनीज मांझे की चपेट में आने से कट गया। अत्यधिक खून बह जाने के कारण अस्पताल ले जाते समय रास्ते में ही उन्होंने दम तोड़ दिया।

मृतक की पहचान बिचौली मर्दाना निवासी रघुवीर धाकड़ के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार, रघुवीर अपनी बाइक से जा रहे थे, तभी अचानक हवा में लहराता हुआ मांझा उनके गले में आकर उलझ गया। मांझा इतना धारदार था कि पलक झपकते ही उनका गला गहरे तक कट गया। राहगीरों ने तुरंत उन्हें संभाला और लहूलुहान हालत में अस्पताल ले जाने की कोशिश की, लेकिन चोट इतनी गंभीर थी कि उनकी जान नहीं बचाई जा सकी।

घटना की सूचना मिलते ही तिलक नगर पुलिस मौके पर पहुंची और मर्म कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है। गौरतलब है कि इंदौर में चाइनीज मांझे से मौत का यह कोई पहला मामला नहीं है। इससे पहले भी बायपास क्षेत्र में एक छात्र की इसी तरह गला कटने से मौत हो चुकी है। प्रशासन और पुलिस द्वारा लगातार प्रतिबंधात्मक कार्रवाई और छापेमारी के दावों के बावजूद चोरी-छिपे बिक रहा यह मांझा लोगों के लिए काल बन रहा है।

मकर संक्रांति के पर्व से पहले हुई इस हृदयविदारक घटना ने शहरवासियों में डर और नाराजगी पैदा कर दी है। पुलिस अब उन दुकानों और विक्रेताओं की तलाश कर रही है जहाँ से यह प्रतिबंधित मांझा सप्लाई किया जा रहा है। अधिकारियों का कहना है कि इस मामले में कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं पर अंकुश लगाया जा सके।

Share The News

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here