Indore News : इंदौर : क्राइम ब्रांच को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने शहर में सक्रिय दो एमडी ड्रग्स तस्करों को गिरफ्तार करते हुए उनके कब्जे से 255 ग्राम एमडी (मेथामफेटामाइन) बरामद की है, जिसकी बाजार कीमत करीब 2 करोड़ 50 लाख रुपए आंकी गई है। साथ ही पुलिस ने आरोपियों के पास से एक मोटरसाइकिल और दो महंगे आईफोन भी जब्त किए हैं।
Indore News : डीसीपी क्राइम ब्रांच राजेश त्रिपाठी ने बताया कि पुलिस को सूचना मिली थी कि एमआर-4 रेलवे अंडरब्रिज के पास दो युवक अवैध मादक पदार्थ की तस्करी करने वाले हैं। सूचना के आधार पर पुलिस ने घेराबंदी की और मौके से दोनों आरोपियों को पकड़ने की कोशिश की। पुलिस को देखते ही दोनों भागने लगे, लेकिन टीम ने पीछा कर उन्हें दबोच लिया।
Indore News : गिरफ्तार आरोपियों की पहचान नसीब खान और साहिल मंसूरी के रूप में हुई है। तलाशी लेने पर उनके पास से 255 ग्राम एमडी ड्रग्स बरामद हुई। पूछताछ में उन्होंने खुलासा किया कि वे राजस्थान के प्रतापगढ़ से सस्ते दामों में मादक पदार्थ लाकर इंदौर और आसपास के इलाकों में महंगे दामों पर सप्लाई करते थे. फिलहाल पुलिस आरोपियों से और पूछताछ कर यह जानने की कोशिश कर रही है कि इस नेटवर्क से और कौन-कौन जुड़े हैं। पुलिस इस मामले में जल्द और भी खुलासे कर सकती है।











