Wednesday, August 19, 2026
Home Sports कौन हैं Ankush Bhardwaj जिन पर लगा यौन शोषण का गंभीर आरोप,...

कौन हैं Ankush Bhardwaj जिन पर लगा यौन शोषण का गंभीर आरोप, NRAI ने किया सस्पेंड

निशानेबाज न्यूज़ डेस्क :  भारतीय खेल जगत से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। नेशनल शूटिंग कोच अंकुश भारद्वाज पर एक राष्ट्रीय स्तर की महिला शूटर ने यौन उत्पीड़न का आरोप लगाया है। पीड़िता के परिवार की शिकायत के बाद हरियाणा पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। यह कथित घटना फरीदाबाद के सूरजकुंड इलाके में स्थित एक होटल की बताई जा रही है।

परफॉर्मेंस रिव्यू के बहाने होटल बुलाने का आरोप

पीड़िता ने पुलिस में दर्ज शिकायत में बताया कि कोच ने उसे ‘परफॉर्मेंस रिव्यू’ के नाम पर होटल के एक कमरे में बुलाया था। वहां पहुंचने के बाद उसने आपत्तिजनक व्यवहार किया। पीड़िता की मां का दावा है कि इसी तरह की घटना एक अन्य महिला शूटर के साथ भी हो चुकी है, जिसकी जानकारी पहले सामने नहीं आ पाई।

Read More : WPL 2026: कल से चौथा सीजन शुरू, टी20 वर्ल्ड कप से पहले हरमनप्रीत से मंधाना तक, टक्कर के लिए तैयार

POCSO एक्ट के तहत केस दर्ज, CCTV फुटेज की जांच

फरीदाबाद पुलिस के मुताबिक, शिकायत की गंभीरता को देखते हुए आरोपी के खिलाफ POCSO एक्ट के तहत केस दर्ज किया गया है। पुलिस ने होटल प्रबंधन से घटना के दिन के सभी CCTV फुटेज मांगे हैं। साइबर और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पूरे मामले की जांच की जा रही है।

NRAI का सख्त कदम, कोच तत्काल प्रभाव से निलंबित

मामले के सामने आते ही नेशनल राइफल एसोसिएशन ऑफ इंडिया (NRAI) ने तत्काल कार्रवाई करते हुए अंकुश भारद्वाज को सस्पेंड कर दिया है। NRAI के सचिव पवन कुमार सिंह ने स्पष्ट किया कि जांच पूरी होने तक उन्हें किसी भी तरह की कोचिंग या प्रशासनिक जिम्मेदारी नहीं दी जाएगी।

कौन हैं अंकुश भारद्वाज

अंकुश भारद्वाज हरियाणा के अंबाला जिले के निवासी हैं और राष्ट्रीय स्तर पर शूटिंग कोच रहे हैं। उन्होंने प्रसिद्ध निशानेबाज जसपाल राणा के भाई सुभाष राणा से प्रशिक्षण लिया है। करियर की शुरुआत NCC से करने वाले अंकुश वर्तमान में मोहाली में ‘साल्वो शूटिंग रेंज’ का संचालन करते थे और निजी कोचिंग भी देते थे। वह दो बार की ओलंपियन शूटर अंजुम मौदगिल के पति भी हैं।

खेल जगत में नाराज़गी, निष्पक्ष जांच की मांग

इस घटना के बाद खेल जगत में नाराज़गी और आक्रोश देखने को मिल रहा है। खिलाड़ी और खेल संगठनों से जुड़े लोग पीड़िता को न्याय दिलाने और जांच को निष्पक्ष व तेज़ी से पूरा करने की मांग कर रहे हैं।

Share The News

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here