Kolar Gangwar News : भोपाल: राजधानी के कोलार क्षेत्र में अवैध शराब को लेकर हुए विवाद के बाद पुलिस एक्शन मोड में है। DCP जोन-4 मयूर खंडेलवाल के नेतृत्व में कोलार पुलिस ने आज ‘बैरागी गैंग’ के तीन मुख्य आरोपियों को गिरफ्तार कर उनका जुलूस निकाला। पुलिस ने आरोपियों को उसी बांसखेड़ी झुग्गी इलाके की गलियों में पैदल घुमाया, जहां इनका कभी खौफ हुआ करता था।
जीतू यादव गैंग के बाद अब बैरागी गैंग की बारी
यह पूरा मामला दो गुटों के बीच वर्चस्व की लड़ाई से जुड़ा है। एक दिन पहले ही पुलिस ने दूसरे पक्ष यानी जीतू यादव गैंग के तीन आरोपियों का जुलूस निकाला था और वारदात में इस्तेमाल उनकी फॉर्च्यूनर कार भी जब्त की थी। ‘बैलेंस’ कार्रवाई करते हुए आज पुलिस ने दूसरे गुट के लक्ष्मण बैरागी, अजय बैरागी और राहुल बैरागी को दबोच लिया और सार्वजनिक रूप से जुलूस निकालकर उन्हें न्यायालय में पेश किया।
क्या था मामला?
अवैध शराब के कारोबार को लेकर बांसखेड़ी इलाके में जीतू यादव और लक्ष्मण बैरागी के गुटों के बीच आमना-सामना हुआ था। दोनों ओर से हथियारों का इस्तेमाल किया गया और इलाके में दहशत का माहौल बन गया था। पुलिस ने कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए अब तक दोनों पक्षों के 6 आरोपियों को सलाखों के पीछे भेज दिया है।
क्षेत्र में शांति की अपील
DCP मयूर खंडेलवाल ने स्पष्ट संदेश दिया है कि भोपाल की सड़कों पर गुंडागर्दी और गैंगवार बर्दाश्त नहीं की जाएगी। जुलूस निकालने का मकसद आम जनता के मन से अपराधियों का डर निकालना और असामाजिक तत्वों को चेतावनी देना है।











