Rewa Crime News : रीवा। शहर के बिछिया थाना अंतर्गत वार्ड क्रमांक 43 स्थित चिरहुला मंदिर मार्ग पर रविवार को उस वक्त हड़कंप मच गया, जब दो पक्षों के बीच सड़क पर ही खूनी संघर्ष शुरू हो गया। प्रयाग मैरिज गार्डन के ठीक सामने हुई इस मारपीट का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि दो गुटों के युवक एक-दूसरे पर लात-घूंसे बरसा रहे हैं। मारपीट के दौरान युवकों के लड़खड़ाते पैर साफ बयां कर रहे हैं कि वे नशे की हालत में थे।
घटना की जानकारी मिलते ही बिछिया पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और आसपास के लोगों से पूछताछ शुरू की। स्थानीय निवासियों ने पुलिस को बताया कि इस क्षेत्र में नशाखोरी की समस्या लगातार बढ़ रही है। लोगों ने आरोप लगाया है कि सड़क किनारे लगने वाले कुछ ठेले व्यवसायी क्षेत्र में अवैध नशे का कारोबार कर रहे हैं, जिसके कारण आए दिन इस तरह की घटनाएं और असामाजिक तत्वों का जमावड़ा लगा रहता है।
पुलिस ने वायरल वीडियो को संज्ञान में लेते हुए मारपीट में शामिल युवकों की शिनाख्त शुरू कर दी है। बिछिया थाना पुलिस का कहना है कि वीडियो के आधार पर आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी और क्षेत्र में गश्त बढ़ाई जाएगी ताकि नशाखोरी और सार्वजनिक स्थानों पर होने वाली गुंडागर्दी पर लगाम कसी जा सके।









