‘Railvan’ super app : रायपुर। भारतीय रेलवे ने यात्रियों की सुविधा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए विभिन्न सेवाओं को एक ही डिजिटल मंच पर उपलब्ध कराने के उद्देश्य से एकीकृत मोबाइल सुपर ऐप ‘रेलवन (स्वरेल)’ का बीटा संस्करण (Beta Version) लॉन्च कर दिया है। यह पहल रेलवे यात्रा को और अधिक सुगम, आधुनिक और सुविधाजनक बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।
रेलवन ऐप रेलवे टिकट बुकिंग (आरक्षित, अनारक्षित और प्लेटफॉर्म टिकट), ट्रेन पूछताछ, ई-कैटरिंग, शिकायत निवारण और अन्य यात्री सेवाओं को एक साथ जोड़ता है। यह सुपरऐप भारतीय रेलवे की सेवाओं तक अधिक तीव्र, सरल और अधिक कुशल पहुँच प्रदान करता है। रेलवे उपयोगकर्ताओं के लिए सुविधा बढ़ाने के लिए प्रौद्योगिकी का लाभ उठाने की दिशा में यह एक महत्वपूर्ण पहल है।
‘Railvan’ super app : ऐप की प्रमुख सेवाएँ और उपयोगिता
यह नया डिजिटल प्लेटफॉर्म यात्रियों के लिए कई प्रमुख सेवाएँ उपलब्ध कराता है, जिससे समय, ऊर्जा और कागजी प्रक्रिया की बचत होती है:
- आरक्षित एवं अनारक्षित टिकट: आरक्षित (Reserved), अनारक्षित (Unreserved) और प्लेटफॉर्म टिकट की बुकिंग और रद्दीकरण (Cancellation) की सुविधा।
- ट्रेन पूछताछ: ट्रेन की रियल-टाइम पूछताछ और लाइव स्टेटस की जानकारी।
- ई-कैटरिंग: यात्रा के दौरान भोजन की ऑनलाइन बुकिंग की सुविधा।
- शिकायत निवारण: शिकायत एवं सुझाव दर्ज कराना और उनकी स्थिति (Status) देखना।
- अन्य सेवाएँ: पार्सल बुकिंग एवं संबंधित जानकारी प्राप्त करना।

‘Railvan’ super app : प्रयोग और लाभ
इस ऐप का प्रयोग प्ले स्टोर या ऐप स्टोर से डाउनलोड करके किया जा सकता है। रेलकनेक्ट (RailConnect) या यूटीएस (UTS) मोबाइल ऐप के मौजूदा उपयोगकर्ता अपने पहचान के प्रमाण के साथ सीधे लॉग इन कर सकते हैं, जबकि नए उपयोगकर्ता न्यूनतम डेटा प्रविष्टि आवश्यकताओं के साथ आसानी से पंजीकरण कर सकते हैं। यह ऐप यात्रियों को एक ही क्लिक में अनेक सेवाओं का लाभ देता है, साथ ही एक पारदर्शी, आधुनिक और उत्तरदायी सेवा प्रणाली सुनिश्चित करता है।
रेलवन ऐप एक तकनीकी रूप से उन्नत और समय की बचत करने वाला प्लेटफॉर्म है। इस पहल से रेलवे सेवाएँ और अधिक तेज एवं भरोसेमंद बन गई हैं, जिससे यात्रियों को टिकट बुकिंग से लेकर ट्रेन की स्थिति तक की सभी जानकारी एक क्लिक में उपलब्ध हो जाती है।











