Burhanpur Accident : बुरहानपुर : बुरहानपुर जिले के शाहपुर क्षेत्र में मंगलवार रात एक बड़ा सड़क हादसा हुआ, जिसने मजदूरों की जिंदगी को दहला दिया। रात करीब 9 बजे शाहपुर से महाराष्ट्र की ओर जा रहा केली से भरा ट्रक पूर्णा फाटा के पास अचानक अनियंत्रित होकर पलट गया। ट्रक के केबिन और बॉडी पर बड़ी संख्या में मजदूर सवार थे। कुल 40 मजदूरों में से लगभग 15 से 20 मजदूर घायल हो गए।
Burhanpur Accident : हादसे में चार मजदूर गंभीर रूप से घायल हुए, जिन्हें तुरंत प्राथमिक उपचार के बाद जलगांव रेफर किया गया, जिसमें एक की हालत बेहद गंभीर बताई जा रही है। वहीं बाकी घायलों को बुरहानपुर जिला अस्पताल और निजी अस्पतालों में भर्ती कराया गया है, जहां उनका उपचार जारी है,घटना ने एक बार फिर जिले में मजदूरों की असुरक्षित यात्रा की भयावह तस्वीर सामने ला दी है।
Burhanpur Accident : बुरहानपुर में रोजाना सैकड़ों मजदूर ट्रकों के केबिन और ऊपर बैठकर कार्यस्थलों तक पहुंचते हैं, जिससे दुर्घटना का खतरा कई गुना बढ़ जाता है। पुलिस और प्रशासन के तमाम दावों के बावजूद ऐसे वाहन बेखौफ सड़कों पर दौड़ रहे हैं और मजदूर अपनी जान जोखिम में डालने को मजबूर हैं,पूर्णा फाटा पर हुए इस हादसे ने यातायात व्यवस्था और सुरक्षा मानकों की पोल खोलकर रख दी है। ग्रामीणों का कहना है कि यदि मजदूरों के सुरक्षित परिवहन पर सख्त निगरानी और कार्रवाई होती, तो कई जिंदगियां खतरे में न आतीं। अब लोग प्रशासन से मांग कर रहे हैं कि मजदूरों की आवाजाही पर विशेष निगरानी रखी जाए और ऐसे हादसों को रोकने के लिए कठोर कदम उठाए जाएं।











