Gurugram liquor scam : गुरुग्राम। हरियाणा के गुरुग्राम में पुलिस ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए करोड़ों रुपये के अवैध शराब घोटाले का पर्दाफाश किया है। सिग्नेचर टावर के पास स्थित एक गोदाम पर छापेमारी के दौरान, पुलिस ने 30 करोड़ रुपये से अधिक मूल्य की विदेशी शराब का जखीरा बरामद किया। यह शराब बिना कस्टम और एक्साइज ड्यूटी चुकाए अवैध रूप से देश में लाई गई थी और इसे बाजार में बेचने की तैयारी थी। इस बड़े खुलासे के बाद हड़कंप मच गया है, और मुख्य आरोपी कारोबारी फिलहाल फरार बताए जा रहे हैं।
पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि सिग्नेचर टावर क्षेत्र में एक गोदाम में भारी मात्रा में अवैध विदेशी शराब स्टॉक की गई है। पुलिस की रेड में 3921 पेटियां और 174 लूज बोतलें बरामद हुईं, जिनकी कुल संख्या लगभग 47,220 है। जब्त की गई सभी बोतलें महंगी और इम्पोर्टेड ब्रांड्स की हैं, जिनकी अनुमानित कीमत 1,500 रुपये से लेकर 2 लाख रुपये प्रति बोतल तक है। जब्त शराब पर न तो होलोग्राम थे, न ट्रेस स्ट्रिप्स और न ही कोई एक्साइज ड्यूटी चुकाई गई थी।
Gurugram liquor scam : प्रारंभिक जांच में यह खुलासा हुआ कि गोदाम के संचालक कस्टम ड्यूटी की चोरी कर शराब को देश में लाते थे और फिर बिना एक्साइज ड्यूटी का भुगतान किए इसकी अवैध बिक्री करते थे। इस पूरे अवैध कारोबार से सरकार को करोड़ों रुपये के राजस्व का भारी नुकसान हो रहा था। पुलिस ने इस मामले में गोदाम संचालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है और पूरे नेटवर्क की जड़ तक पहुंचने की जांच शुरू कर दी है।
इस बड़े फर्जीवाड़े में एक्साइज विभाग की घोर लापरवाही भी सामने आई है। सवाल उठ रहे हैं कि इतनी बड़ी और महंगी विदेशी शराब की खेप बिना किसी निगरानी के गुरुग्राम जैसे हाई-प्रोफाइल शहर में कैसे पहुंचाई गई और कब से यह काला कारोबार चल रहा था। फजीहत बढ़ने पर एक्साइज विभाग ने तत्काल कार्रवाई करते हुए एक्साइज इंस्पेक्टर पवन शर्मा को निलंबित कर दिया है।
Gurugram liquor scam : इस मामले में मुख्य आरोपी ‘The Thekaa’ के मालिक अंकुश गोयल, अरुण मित्तल और सुग्रीव विश्नोई हैं, जो छापेमारी से पहले ही फरार हो गए। पुलिस इन तीनों की गिरफ्तारी के लिए तेजी से छापेमारी कर रही है। यह कार्रवाई गुरुग्राम पुलिस और एक्साइज विभाग दोनों पर कई सवाल खड़े करती है कि आखिर इतनी बड़ी खेप शहर में कैसे खपाई जा रही थी, जिस पर अब पुलिस गहन जांच में जुटी है।













