Elderly murder : इंदौर। इंदौर के खजराना क्षेत्र में दो दिन पहले सर्विस रोड पर एक बुजुर्ग राहगीर की पत्थर मारकर हत्या का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। पुलिस ने इस मामले में आरोपी को गिरफ्तार भी कर लिया है।
पुलिस सूत्रों के अनुसार, 65 वर्षीय परमेश्वर 12 नवंबर की रात गंभीर अवस्था में एमवाय अस्पताल लाए गए थे, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई थी। प्रारंभ में उनकी मौत का कारण स्पष्ट नहीं था, जिस कारण पुलिस ने मर्ग दर्ज किया। लेकिन, पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट और सीसीटीवी फुटेज ने मामले का राज़ खोल दिया। रिपोर्ट में यह पाया गया कि मृतक के सिर पर किसी कठोर वस्तु से चोट लगी थी, जो हत्या की ओर इशारा कर रही थी।
Elderly murder : पुलिस ने इस मामले में हत्या का मामला दर्ज किया और जांच शुरू की। जांच के दौरान पुलिस को यह जानकारी मिली कि मृतक और आरोपी के बीच सर्विस रोड पर किसी बात को लेकर टकराहट हुई थी। मृतक ने गाली दी और थप्पड़ मारा, जिसके बाद आरोपी नीरज उर्फ चीनू ने गुस्से में पास पड़ा पत्थर उठाकर मृतक के सिर पर मार दिया। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया।
पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज और मुखबिरों की सूचना के आधार पर आरोपी की तलाश शुरू की। 48 घंटों के भीतर पुलिस ने आरोपी को पकड़ लिया। पुलिस के अनुसार, आरोपी नीरज उर्फ चीनू, जो तुकोगंज क्षेत्र का निवासी है, अपराधिक प्रवृत्ति का है। आरोपी के पकड़ने के दौरान वह भागने की कोशिश कर रहा था, जिसके कारण उसे चोटें आईं।











