Durg crime: दुर्ग : दुर्ग जिले में पुलिस ने एक ऐसे अंतरराज्यीय ठग गिरोह का पर्दाफाश किया है, जो पूजा-पाठ के नाम पर लोगों को रकम को सौ गुना बढ़ाने का झांसा देकर ठगी करता था। इस मामले में एक महिला समेत तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। उनके पास से सात मोबाइल फोन, एक लाख रुपये नकद और एक सफेद अर्टिगा कार जब्त की गई है। यह मामला पुलगांव थाना क्षेत्र का है।
Durg crime: एएसपी सुखनंदन राठौर ने बताया कि पीड़ित रामकुमार जायसवाल, जो ड्राइवरी का काम करता है, आर्थिक तंगी से जूझ रहा था। उसने अपने परिचित राजू से मदद मांगी, जिसने महाराष्ट्र के छोटू नामक व्यक्ति से संपर्क करवाया। छोटू ने पूजा के जरिये पैसा बढ़ाने का झांसा दिया और रामकुमार को मंदा पासवान नाम की महिला से मिलवाया।
Durg crime: मंदा पासवान, जो यवतमाल की रहने वाली है, ने दावा किया कि वह 11 लाख को 11 करोड़ बना सकती है। 1 नवंबर को वह अपने दो साथियों के साथ दुर्ग पहुंची। रामकुमार से एक लाख रुपये और पूजा का सामान लेकर उसने बस स्टैंड के पास पूजा शुरू की। थोड़ी देर बाद सिंदूर मंगाने के बहाने महिला और उसके साथी कार समेत फरार हो गए।
Durg crime: रामकुमार ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। पुलगांव पुलिस ने सक्रियता दिखाते हुए घेराबंदी कर तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार, फरारी के दौरान आरोपियों ने कार की नंबर प्लेट पर मिट्टी लगाकर पहचान छिपाने की कोशिश की थी। फिलहाल तीनों को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान मंदा पासवान, अमरदीप प्रहलाद और संजय विलास के रूप में हुई है।









