Montha Cyclone Update : रायपुर। चक्रवाती तूफान मोंथा भले ही कमजोर पड़ गया हो, लेकिन इसका असर अभी भी छत्तीसगढ़ में देखने को मिल रहा है। राजधानी रायपुर सहित कई जिलों में गुरुवार सुबह से ही रुक-रुककर बारिश हो रही है। मौसम विभाग ने बिलासपुर और सरगुजा संभाग में आज झमाझम बारिश के आसार जताए हैं। वहीं कुछ इलाकों में मध्यम से भारी वर्षा के साथ वज्रपात की भी संभावना है।
Montha Cyclone Update : मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार, मोंथा फिलहाल उत्तर उत्तर पश्चिम दिशा की ओर बढ़ रहा है। यह जगदलपुर से करीब 220 किलोमीटर दक्षिण-दक्षिण पश्चिम में स्थित है। अगले कुछ घंटों में यह आंध्र प्रदेश और तेलंगाना होते हुए दक्षिण छत्तीसगढ़ के कुछ हिस्सों को पार कर अवदाब के रूप में बदल सकता है।
राजधानी रायपुर में आज बादल छाए रहने के साथ हल्की बौछारें पड़ सकती हैं। अधिकतम तापमान 31 डिग्री और न्यूनतम 23 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है। वहीं मध्य और दक्षिणी हिस्सों में करीब 20 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने की संभावना जताई गई है।
मौसम विभाग ने बताया कि अगले दो दिनों तक प्रदेश के कई हिस्सों में हल्की से मध्यम वर्षा का सिलसिला जारी रह सकता है। किसानों को सलाह दी गई है कि वे मौसम के बदलाव को ध्यान में रखते हुए अपनी फसलों की सुरक्षा के उपाय करें।











