Shri Mahakaleshwar Mandir : राजेश व्यास/उज्जैन। श्री महाकालेश्वर मंदिर के गर्भगृह में हाल ही में हुए विवाद के मामले में मंदिर समिति ने सख्त अनुशासनात्मक कार्रवाई की है। समिति ने पुजारी महेश शर्मा और महंत योगी महावीर नाथ — दोनों पर 15 दिनों के लिए मंदिर में विशेष माध्यमों से प्रवेश पर प्रतिबंध लगा दिया है।
प्रशासक प्रथम कौशिक ने बताया कि यह निर्णय तीन सदस्यीय जांच समिति की प्रारंभिक रिपोर्ट के आधार पर लिया गया है। रिपोर्ट में दोनों पक्षों का आचरण मंदिर की गरिमा के विपरीत पाया गया।
Shri Mahakaleshwar Mandir : प्रतिबंध अवधि में दोनों व्यक्तियों को केवल सामान्य श्रद्धालुओं की भांति दर्शन की अनुमति होगी। इस दौरान उन्हें गर्भगृह और नंदी हॉल में प्रवेश पूर्णतः वर्जित रहेगा तथा वे किसी भी पूजा-पाठ या विशेष आयोजन में हिस्सा नहीं ले सकेंगे।
प्रशासक कौशिक ने स्पष्ट किया कि प्रतिबंध की अवधि समाप्त होने के बाद ही दोनों को पूर्ववत पूजा और विशेष दर्शन का अधिकार पुनः प्राप्त होगा। उन्होंने कहा कि यह कार्रवाई जांच दल के प्रारंभिक प्रतिवेदन के आधार पर की गई है और आवश्यकता पड़ने पर आगे और निर्णय भी लिए जा सकते हैं।











