सीहोर। पुलिस मुख्यालय के निर्देशानुसार रविवार 12 अक्टूबर 2025 को पुलिस अधीक्षक दीपक कुमार शुक्ला के मार्गदर्शन एवं निर्देशन में पुलिस लाइन सीहोर परिसर में एक दिवसीय ध्यान शिविर का आयोजन किया गया। इस शिविर में कुल 65 पुलिसकर्मियों ने सक्रिय रूप से भाग लिया। कार्यक्रम का उद्देश्य पुलिस बल में मानसिक शांति, आत्मसंयम, एकाग्रता और शारीरिक-मानसिक स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाना था।
हार्टफुलनेस संस्थान से आए प्रशिक्षक हर्षित पुरोहित (प्रीसेप्टर), लोकेन्द्र राठौड़, ललित, रत्नेश शैव और श्याम यदुवंशी ने ध्यान और सहज मार्ग साधना की तकनीक पर विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने बताया कि जब व्यक्ति अपने हृदय की आवाज़ सुनता है और भीतर की प्रेरणा को स्वीकार करता है, तब वह अपने जीवन का नियंत्रण स्वयं कर पाता है। यही हार्टफुलनेस ध्यान की मूल भावना है, जो हृदय और मन के बीच सामंजस्य स्थापित करती है।
कार्यक्रम में जिला चिकित्सालय सीहोर के बाल चिकित्सा आईसीयू प्रभारी डॉ. शशिन्द्र भनारिया ने संतुलित आहार और पोषण पर मार्गदर्शन देते हुए कहा कि समय पर, संतुलित और पौष्टिक भोजन ही स्वस्थ शरीर और सशक्त मन की कुंजी है। उन्होंने भोजन की मात्रा और प्रकार पर भी विस्तृत जानकारी दी।
इस अवसर पर रक्षित निरीक्षक उपेन्द्र सिंह यादव, थाना प्रभारी सूबेदार बृजमोहन धाकड़, सूबेदार प्राची राजपूत, सूबेदार अजय, एसआई (शस्त्र) राहुल श्रीवास्तव सहित थाना कोतवाली, मंडी, महिला, अजाक, यातायात एवं पुलिस लाइन, पुलिस अधीक्षक कार्यालय के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।
शिविर के समापन पर सभी पुलिसकर्मियों ने नियमित ध्यान अभ्यास करने का संकल्प लिया ताकि वे अपने कर्तव्यों का निर्वहन अधिक एकाग्रता, शांति और सकारात्मक दृष्टिकोण से कर सकें।











