किशोर नाथ राजगुरु/शाजापुर : शाजापुर जिले के अकोदिया रेलवे स्टेशन के पास गुरुवार को एक दर्दनाक हादसे में एक महिला की ट्रेन की चपेट में आने से मौत हो गई। यह घटना सुंदरसी गेट के पास हुई, जब भगत की कोठी से कछीवाड़ा जा रही ट्रेन गुजर रही थी।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, महिला अचानक पटरियों पर जा पहुंची और ट्रेन की ओर दौड़ पड़ी। देखते ही देखते वह ट्रेन की चपेट में आ गई, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि महिला का शरीर कई हिस्सों में बंट गया।
मृतका की पहचान रेखा बाई (पति चंद्र सिंह, निवासी जाटपुरा, अकोदिया) के रूप में हुई है। परिजनों ने बताया कि वह पिछले कुछ समय से मानसिक रूप से अस्वस्थ थीं।
घटना की सूचना मिलते ही अकोदिया पुलिस के एएसआई प्रदीप तोमर और मदन सिंह गुर्जर मौके पर पहुंचे। इसके बाद जीआरपी मक्सी पुलिस के प्रधान आरक्षक राकेश गुप्ता ने भी घटनास्थल पर पहुंचकर मर्ग कायम कर जांच शुरू की। शव को अकोदिया सिविल अस्पताल भेजा गया, जहां पोस्टमार्टम के बाद उसे परिजनों को सौंप दिया जाएगा।











