रायपुर। CCPL Season 2 : क्रिकेट प्रेमियों के लिए छत्तीसगढ़ से बड़ी खबर सामने आई है। बहुप्रतीक्षित छत्तीसगढ़ क्रिकेट प्रीमियर लीग (CCPL) का दूसरा सीजन आगामी 15 जून से शुरू होने जा रहा है। छत्तीसगढ़ क्रिकेट संघ ने इसकी तैयारियों को अंतिम रूप देना शुरू कर दिया है।
बताया जा रहा है कि इस बार पिछले सीजन की तुलना में कई नए बदलाव और सुधार देखने को मिलेंगे। आयोजन को और भी भव्य और प्रोफेशनल बनाने की दिशा में कई पहल की जा रही हैं। खास तौर पर नवा रायपुर स्थित शहीद वीर नारायण सिंह अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम में व्यवस्थाओं को और बेहतर किया जा रहा है। स्टेडियम की सुविधाएं अपग्रेड की जा रही हैं ताकि खिलाड़ियों और दर्शकों—दोनों के अनुभव को नई ऊंचाई पर पहुंचाया जा सके।
CCPL का पहला सीजन राज्य में क्रिकेट को नई पहचान देने में सफल रहा था और अब यह दूसरा संस्करण न केवल नए खिलाड़ियों के लिए अवसर लेकर आएगा, बल्कि राज्य के खेल प्रेमियों के लिए रोमांच का नया अध्याय भी रचेगा।
छत्तीसगढ़ क्रिकेट संघ के अधिकारियों ने संकेत दिए हैं कि इस बार टीमों की संरचना, खिलाड़ियों की चयन प्रक्रिया, ब्रॉडकास्टिंग, डिजिटल कवरेज, और पुरस्कार राशि जैसी चीजों में भी कुछ बड़े बदलाव देखने को मिल सकते हैं।