फकरे आलम खान/दंतेवाड़ा : मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने आज बस्तर संभाग के बाढ़ प्रभावित जिलों दंतेवाड़ा और बस्तर का हवाई और जमीनी निरीक्षण किया। उन्होंने प्रभावित क्षेत्रों में बनाए गए अस्थायी राहत शिविरों का दौरा कर बाढ़ पीड़ित परिवारों से सीधे संवाद किया और उनकी समस्याएं सुनी।
Read News : Odisha News : 64 वर्षीय ने मोबाइल ऐप से 200 लोगों से ठगी कर लाखों रुपये उगाहे, ऐसे हुआ गिरफ्तार
मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि प्रत्येक प्रभावित परिवार तक समय पर राहत सामग्री, स्वच्छ पेयजल, भोजन और सुरक्षित आवास पहुँचे। उन्होंने स्वास्थ्य शिविरों, दवाइयों और प्राथमिक स्वास्थ्य सेवाओं की स्थिति का भी जायजा लिया। प्रभावितों ने जिला प्रशासन की तत्परता और सहयोग की सराहना की।
साथ ही, मुख्यमंत्री ने बाढ़ से क्षतिग्रस्त पुल और क्षेत्र की यातायात व्यवस्था का निरीक्षण किया। उन्होंने अधिकारियों को सड़क, बिजली और पेयजल जैसी मूलभूत सुविधाओं की शीघ्र बहाली सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
इसके बाद मुख्यमंत्री ने दंतेवाड़ा कलेक्टोरेट में जिला प्रशासन और विभागीय अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की। बैठक में राहत एवं बचाव कार्यों की प्रगति, पुनर्वास योजनाओं और प्रभावित परिवारों को दी जा रही तत्कालिक सहायता की समीक्षा की गई।
Read News : Singrauli News : शाह मेडिकल क्लिनिक पर बिना डिग्री और ट्रेनिंग के इलाज, मरीजों की जिंदगी खतरे में
मुख्यमंत्री ने कहा कि बाढ़ जैसी आपदाओं में प्रशासनिक तत्परता और जनसहयोग से कठिनाइयों का समाधान संभव है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि बच्चों, महिलाओं और बुजुर्गों की विशेष देखभाल की जाए।











