Bhopal Crime News : भोपाल | भोपाल के एक टेंट कारोबारी ने आत्महत्या से पहले एक वीडियो बनाया है, जिसमें उसने अपनी मौत के लिए पत्नी और ससुराल वालों को जिम्मेदार ठहराया है। अयोध्या नगर निवासी हिमांशु यादव (30) ने 11 अगस्त को अपने घर में फांसी लगा ली थी। उनकी मौत के 18 दिन बाद यह वीडियो सामने आया है, जिसने इस मामले को एक नया मोड़ दे दिया है।
Bhopal Crime News : वीडियो में हिमांशु कह रहे हैं कि उनकी पत्नी वैशाली और ससुर रामलाल लगातार उन्हें और उनके पिता को झूठी एफआईआर दर्ज कराकर जेल भिजवाने की धमकी दे रहे थे। उन्होंने कहा कि वैशाली 21 जुलाई को अपने पिता के साथ मायके चली गई थी और मनाने पर भी वापस आने को तैयार नहीं थी, जिसके कारण वे यह कदम उठाने को मजबूर हुए।
ससुराल वालों पर गंभीर आरोप
हिमांशु के पिता राजकुमार यादव ने बताया कि 20-21 जुलाई की रात हिमांशु और वैशाली के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ था। 21 जुलाई को वैशाली के पिता और भाई आए और उसे अपने साथ ले गए। इसके बाद वैशाली ने हिमांशु से बात करना बंद कर दिया और उसका फोन भी नहीं उठाती थी।
राजकुमार के मुताबिक, वैशाली अक्सर कमरा बंद करके फोन पर व्यस्त रहती थी और हिमांशु को अपना मोबाइल तक नहीं छूने देती थी, इसी बात पर दोनों के बीच अक्सर झगड़ा होता था। हिमांशु के पिता का आरोप है कि उनकी बहू ने उनके खुशहाल बेटे को आत्महत्या करने के लिए मजबूर किया।
हिमांशु की मां ममता यादव ने बताया कि शादी के कुछ समय बाद से ही वैशाली छोटे-छोटे घरेलू कामों को लेकर झगड़े करती थी और उनके साथ भी बदसलूकी करती थी। उन्हें लगता था कि वैशाली उनके साथ रहना ही नहीं चाहती।
जांच जारी, आगे की कार्रवाई होगी
इस मामले में पुलिस ने मर्ग कायम कर लिया है और सभी पहलुओं की जांच कर रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि उन्होंने परिवार के सदस्यों के बयान दर्ज कर लिए हैं और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर उचित कानूनी कार्रवाई की जाएगी। हिमांशु और वैशाली की शादी 7 जून 2023 को हुई थी।











