प्रधानमंत्री विकसित भारत रोजगार योजना : नई दिल्ली: केंद्र सरकार ने देश में युवाओं के लिए एक नई रोजगार पहल शुरू की है। प्रधानमंत्री विकसित भारत रोजगार योजना के तहत, निजी क्षेत्र में पहली बार नौकरी करने वाले युवाओं को 15,000 रुपये की आर्थिक सहायता दी जाएगी। यह योजना खासतौर पर उन युवाओं के लिए है जो पहली बार किसी कंपनी या संगठन में नौकरी कर रहे हैं और जिनकी मासिक सैलरी 1 लाख रुपये या उससे कम है।
प्रधानमंत्री विकसित भारत रोजगार योजना : योजना का लाभ 18 से 60 साल की उम्र के युवाओं को मिलेगा, और इसका उद्देश्य देश में बेरोजगारी को कम करना और युवाओं को स्थायी रोजगार से जोड़ना है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 15 अगस्त को लाल किले की प्राचीर से इस योजना की घोषणा की।
सरकार ने यह आर्थिक मदद दो किस्तों में देने का प्रावधान किया है। नौकरी शुरू करने के 6 महीने बाद पहली किस्त 7,500 रुपये के रूप में मिलेगी, जबकि दूसरी किस्त 12 महीने नौकरी पूरी होने पर जारी की जाएगी।
योजना का लाभ सिर्फ युवाओं तक ही सीमित नहीं है, बल्कि कंपनियों को भी प्रोत्साहन मिलेगा। यदि कोई कंपनी 10,000 रुपये प्रति माह सैलरी वाले कर्मचारी को नियुक्त करती है तो उसे 1,000 रुपये का प्रोत्साहन मिलेगा। वहीं, 10,000 से 20,000 रुपये सैलरी वाले कर्मचारी के लिए कंपनियों को 2,000 रुपये और 20,000 से 1 लाख रुपये वेतन वाले कर्मचारियों के लिए 3,000 रुपये का प्रोत्साहन दिया जाएगा।
सरकार का लक्ष्य इस योजना के जरिए 3.30 करोड़ युवाओं को रोजगार और आर्थिक सुरक्षा प्रदान करना है। योजना को लागू करने के लिए युवाओं का नाम ईपीएफओ से जुड़ा होना अनिवार्य है। यह पहल युवाओं और कंपनियों दोनों के लिए एक सुनहरा अवसर साबित होने वाली है।











