Sai Cabinet : रायपुर। छत्तीसगढ़ में लंबे समय से अटके मंत्रिमंडल विस्तार को लेकर अब सियासी हलचल तेज हो गई है। सूत्रों के मुताबिक, 21 अगस्त से पहले मुख्यमंत्री विष्णु देव साय अपनी टीम में तीन नए चेहरों को शामिल करेंगे। खास बात यह है कि यह विस्तार उनके 22 अगस्त को प्रस्तावित विदेश दौरे से पहले ही होगा। पार्टी हाईकमान से हरी झंडी मिलने के बाद तैयारी लगभग पूरी मानी जा रही है।
Sai Cabinet : दिल्ली से लौटते वक्त मुख्यमंत्री साय ने भी संकेत देते हुए कहा था, “अब इंतजार ज्यादा नहीं, मंत्रिमंडल का विस्तार जल्द होगा।” यही बयान राजनीतिक गलियारों में अटकलों को पुख्ता करता दिखा।
जानकार मान रहे हैं कि इस बार विस्तार का फॉर्मूला हरियाणा मॉडल पर आधारित होगा। हरियाणा विधानसभा में भी 90 विधायक हैं और वहां मुख्यमंत्री समेत 14 मंत्री कार्यरत हैं। छत्तीसगढ़ में अब तक परंपरागत रूप से 13 मंत्रियों का ही गठन होता रहा है, लेकिन संवैधानिक प्रावधान के मुताबिक 90 विधायकों में 15% यानी 13.5 तक मंत्री बनाए जा सकते हैं। ऐसे में मुख्यमंत्री समेत 14 मंत्रियों का होना पूरी तरह संभव है।
माना जा रहा है कि यह विस्तार न सिर्फ राजनीतिक संतुलन साधेगा, बल्कि आगामी चुनावी रणनीति में भी अहम भूमिका निभाएगा। अब निगाहें इस बात पर टिकी हैं कि 21 अगस्त से पहले किन चेहरों की किस्मत का सितारा बुलंद होगा।





