रायपुर। छत्तीसगढ़ में PSC घोटाले के खुलासे और उसके बाद हुई कार्रवाई को लेकर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने बड़ा बयान दिया है। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X (पूर्व ट्विटर) पर पोस्ट करते हुए सीएम साय ने कहा कि उनकी सरकार ने CGPSC (छत्तीसगढ़ लोक सेवा आयोग) में पारदर्शिता बहाल की है और भ्रष्टाचारियों पर CBI जांच के जरिए सख्त एक्शन लिया गया है।
सीएम साय ने अपने पोस्ट में लिखा –
“हमारी सरकार में मेहनत ही सफलता की गारंटी है। हमने CGPSC में पारदर्शिता लौटाई है। घोटाले की CBI जांच से भ्रष्टाचारियों पर सख्त कार्रवाई हुई है। अब युवा निश्चिंत होकर परीक्षा की तैयारी कर रहे हैं, क्योंकि उनके भविष्य की जिम्मेदारी हमारी सरकार निभा रही है।”
इस पोस्ट के जरिए मुख्यमंत्री ने एक ओर जहां PSC घोटाले में हुई कार्रवाई की झलक दी, वहीं दूसरी ओर राज्य के युवाओं को भरोसा दिलाया कि अब परीक्षाएं निष्पक्ष होंगी और मेहनत का सही फल मिलेगा।
गौरतलब है कि CGPSC में धांधली और अनियमितताओं को लेकर लंबे समय से छात्रों में आक्रोश था। सत्ता परिवर्तन के बाद सरकार ने इस मामले की CBI से जांच की सिफारिश की थी, जिसके बाद कई बड़े खुलासे हुए।










