दंतेवाड़ा। Dantewada To USA (फकरे आलम खान, बचेली): छत्तीसगढ़ के आदिवासी बहुल वनांचल जिले दंतेवाड़ा की माटी से निकलकर सात समंदर पार संयुक्त राज्य अमेरिका में अपनी विशिष्ट पहचान बनाने वाले गणेश कुमार कर को मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने राज्य स्थापना दिवस के शुभ अवसर पर स्नेह भरा पत्र लिखकर हार्दिक शुभकामनाएं दी हैं। मुख्यमंत्री ने विदेश में रहते हुए भी छत्तीसगढ़ की समृद्ध संस्कृति, बोली और पारंपरिक विरासत को सहेजने तथा प्रवासी छत्तीसगढ़ियों को एकजुट करने के उनके सराहनीय प्रयासों की दिल खोलकर तारीफ की है। मुख्यमंत्री का व्यक्तिगत पत्र प्राप्त होने के बाद श्री गणेश कुमार कर भावुक हो गए और उन्होंने सोशल मीडिया पर वीडियो संदेश जारी कर मुख्यमंत्री के प्रति गहरा आभार व्यक्त किया।
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने अपने पत्र में उल्लेख किया कि दंतेवाड़ा जैसे दूरस्थ क्षेत्र से अमेरिका तक की गणेश कुमार कर की यात्रा राज्य के युवाओं के लिए एक महान प्रेरणा स्रोत है। विदेश की व्यस्त जीवनशैली के बावजूद अपनी मातृभूमि, तीज-त्योहारों और सांस्कृतिक मूल्यों के प्रति उनका अटूट लगाव अनुकरणीय है। मुख्यमंत्री ने नॉर्थ अमेरिका छत्तीसगढ़ एसोसिएशन (NACHA) के माध्यम से प्रवासी छत्तीसगढ़ियों को संगठित करने और ‘स्वदेशी मेला’ जैसे आयोजनों के जरिए भारतीय व छत्तीसगढ़िया कला, उत्पादों और परंपराओं को अंतरराष्ट्रीय मंच प्रदान करने की पहल की विशेष प्रशंसा की। उन्होंने कहा कि यह प्रयास प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘विकास भी, विरासत भी’ के राष्ट्रीय संकल्प को साकार करने की दिशा में बड़ा योगदान है।
इसके अलावा, मुख्यमंत्री ने कर द्वारा संचालित ‘उड़ान’ पहल का विशेष रूप से जिक्र किया, जिसके तहत जरूरतमंद विद्यार्थियों को उच्च शिक्षा और छात्रवृत्ति के लिए आर्थिक व मानसिक सहयोग प्रदान किया जाता है। मुख्यमंत्री ने इसे समाज के प्रति संवेदनशीलता और मातृभूमि के प्रति नैतिक जिम्मेदारी का अनुठा उदाहरण बताया। पत्र में ‘विकसित भारत 2047’ और ‘विकसित छत्तीसगढ़ 2047’ के संकल्प को दोहराते हुए मुख्यमंत्री साय ने कहा कि विदेशों में बसे छत्तीसगढ़ियों का ज्ञान, अनुभव और विशेषज्ञता प्रदेश के भावी विकास मॉडल में बेहद महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकती है।
मुख्यमंत्री का यह पत्र प्राप्त होने पर गणेश कुमार कर ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर जारी वीडियो संदेश में मुख्यमंत्री का पत्र दिखाते हुए छत्तीसगढ़ सरकार के इस आत्मीय जुड़ाव के लिए धन्यवाद ज्ञापित किया। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री की इस पहल से विदेश में रहने वाले प्रत्येक छत्तीसगढ़िया को अपनी जड़ों से जुड़े रहने और प्रदेश के विकास में भागीदारी निभाने की नई ऊर्जा मिली है। दंतेवाड़ा जिले से निकले गणेश कर के इन वैश्विक प्रयासों की सराहना से क्षेत्र के युवाओं और स्थानीय लोगों में भी गर्व और खुशी का माहौल है।



