CG News: बीजापुर। छत्तीसगढ़ के बीजापुर जिले में वन्यजीवों के अवैध शिकार और तस्करी के खिलाफ वन विभाग ने बड़ी कार्रवाई की है। विभाग की टीम ने दो अलग-अलग स्थानों पर छापेमारी कर पैंगोलिन के 9.260 किलोग्राम शल्क और तेंदुए की एक खाल बरामद की है। इस मामले में कुल छह आरोपियों को हिरासत में लिया गया है।
जानकारी के मुताबिक, वन विभाग को वन्यजीवों के अंगों की अवैध तस्करी से जुड़े इनपुट मिले थे। इसके बाद टीम ने पहली कार्रवाई गंगालूर तहसील के ग्राम रेड्डी में की। यहां दबिश के दौरान पैंगोलिन के 9.260 किलो शल्क बरामद किए गए। मौके से चार लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की गई।
पूछताछ के बाद दूसरी जगह छापेमारी
पहली कार्रवाई में मिले सुरागों के आधार पर वन विभाग की टीम ने बासागुड़ा क्षेत्र के ग्राम मल्लेपल्ली में दूसरी दबिश दी। यहां से तेंदुए की एक खाल बरामद की गई। इस कार्रवाई में दो अन्य लोगों को हिरासत में लिया गया। इस तरह दोनों स्थानों से कुल छह लोग वन विभाग की पकड़ में आए हैं।
वन्यजीव संरक्षण कानून के तहत कार्रवाई
वन विभाग के अनुसार, पैंगोलिन और तेंदुआ वन्यजीव संरक्षण अधिनियम, 1972 की अनुसूची-I में शामिल हैं। इन वन्यजीवों को अत्यधिक संरक्षण प्राप्त है। इनके शिकार, अंगों की खरीद-बिक्री और अवैध तस्करी में शामिल लोगों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई का प्रावधान है।
विभाग ने आरोपियों के खिलाफ वन अपराध प्रकरण दर्ज कर लिया है। फिलहाल मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। वन विभाग अब इस बात की भी जांच कर रहा है कि बरामद वन्यजीव अंगों की तस्करी के पीछे कोई बड़ा नेटवर्क तो सक्रिय नहीं है।