Raigarh Excise Raid: ऑपरेशन आघात के तहत घरघोड़ा और तमनार में पुलिस की दबिश, 3 आरोपी गिरफ्तार

VIKASH KHALKHO

गौरी शंकर गुप्ता/रायगढ़। Raigarh Police Operation Aaghat: रायगढ़ जिले में अवैध शराब की बिक्री और भंडारण पर पूरी तरह अंकुश लगाने के लिए चलाए जा रहे “ऑपरेशन आघात” के तहत पुलिस को एक बार फिर बड़ी सफलता मिली है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री शशि मोहन सिंह के दिशा-निर्देशन में कार्रवाई करते हुए घरघोड़ा और तमनार थाना पुलिस की टीमों ने अलग-अलग गांवों में दबिश दी। इस दौरान पुलिस ने अवैध महुआ शराब की बिक्री कर रहे दो पुरुषों और एक महिला सहित कुल 3 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से कुल 56 लीटर महुआ शराब जब्त की है, जिसकी अनुमानित कीमत ₹11,200 आंकी गई है। सभी आरोपियों के खिलाफ आबकारी अधिनियम के तहत सख्त वैधानिक कार्रवाई की गई है।

घरघोड़ा थाना प्रभारी निरीक्षक कुमार गौरव के नेतृत्व में पुलिस टीम ने गोहड़ीडीपा, बैहामुड़ा, कंचनपुर, बहिरकेला और आमापाली क्षेत्रों में सघन पेट्रोलिंग और चेकिंग अभियान चलाया। इस दौरान पहली कार्रवाई ग्राम आमापाली में की गई, जहां आरोपी डिलेश्वर राठिया को उसके घर के पास पकड़ा गया। उसके कब्जे से एक स्टील ड्रम और प्लास्टिक बाल्टी में रखी कुल 30 लीटर महुआ शराब (कीमत ₹6,000) जब्त की गई। दूसरी कार्रवाई ग्राम बैहामुड़ा में की गई, जहां संदेही सूरज चौहान को घेरकर पकड़ा गया। उसके कब्जे से प्लास्टिक बोतल और जरकिन में भरी कुल 14 लीटर महुआ शराब (कीमत ₹2,800) बरामद की गई। दोनों आरोपियों के विरुद्ध आबकारी एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है।

इसी क्रम में थाना तमनार पुलिस को सूचना मिली थी कि ग्राम बुडिया में एक महिला अपने घर के पास बाड़ी में अवैध रूप से कच्ची महुआ शराब छिपाकर बेच रही है। सूचना पर तमनार पुलिस ने मौके पर दबिश दी, जहां आरोपी महिला मीना सबर पति लव सबर के कब्जे से कोला की बाड़ी के झुरमुट में छिपाकर रखी गई 12 लीटर महुआ शराब (कीमत ₹2,400) बरामद की गई। पुलिस ने महिला के खिलाफ धारा 34(2) और 59(क) आबकारी एक्ट के तहत प्रकरण पंजीबद्ध कर लिया है।

एसएसपी श्री शशि मोहन सिंह ने स्पष्ट संदेश दिया है कि अवैध शराब का कारोबार न केवल सामाजिक वातावरण को दूषित करता है बल्कि अन्य आपराधिक गतिविधियों को भी बढ़ावा देता है। रायगढ़ पुलिस ऐसे अवैध कारोबार में संलिप्त लोगों के खिलाफ लगातार सख्त कार्रवाई कर रही है। जिले में कहीं भी इस प्रकार की अवैध गतिविधियों की सूचना मिलने पर त्वरित और कठोर कदम उठाए जाएंगे।

Share The News
Share This Article
विकास कुमार खलखो एक डिजिटल पत्रकार, समाचार संपादक और SEO कंटेंट क्रिएटर हैं, जिन्हें पत्रकारिता और डिजिटल मीडिया के क्षेत्र में एक दशक से अधिक का अनुभव है। उन्होंने BJMC, Master of Journalism (MJ) और M.Phil. (मीडिया स्टडीज़) की डिग्री हासिल की है और दबंग दुनिया, हमर छत्तीसगढ़ योजना, हरिभूमि, सन स्टार डेली न्यूज़ और छत्तीसगढ़ की आवाज़ जैसे प्रतिष्ठित मीडिया संस्थानों के साथ काम किया है। उन्हें हिंदी पत्रकारिता, ब्रेकिंग न्यूज़ कवरेज, SEO-फ्रेंडली कंटेंट राइटिंग, डिजिटल पब्लिशिंग, कंटेंट स्ट्रैटेजी, थंबनेल डिज़ाइन और सोशल मीडिया मैनेजमेंट में विशेष महारत हासिल है। उनका उद्देश्य सटीक, निष्पक्ष और विश्वसनीय पत्रकारिता के माध्यम से पाठकों तक प्रभावशाली समाचार पहुँचाना और साथ ही उच्च गुणवत्ता वाला डिजिटल कंटेंट तैयार करना है।
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *