छतरपुर। Chhatarpur Yaduvanshi Samaj Protest: मध्य प्रदेश के छतरपुर जिले से एक बड़ी खबर सामने आ रही है। यहां भगवान श्रीकृष्ण को लेकर बागेश्वर धाम के पीठाधीश्वर पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री द्वारा दी गई कथित टिप्पणियों को लेकर यादव समाज में भारी आक्रोश देखने को मिला है। इसी विरोध स्वरूप यादव समाज के लोगों ने छतरपुर के प्रमुख छत्रसाल चौक पर बड़ी संख्या में एकत्रित होकर जोरदार प्रदर्शन किया और पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री का पुतला दहन किया।
प्रदर्शन के दौरान समाज के लोगों ने पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री द्वारा लगातार दिए जा रहे बयानों पर अपनी कड़ी आपत्ति दर्ज कराई। आक्रोशित प्रदर्शनकारियों ने पुतले को लात-घूंसों से पीटकर अपना कड़ा विरोध प्रकट किया। इस प्रदर्शन और विरोध प्रदर्शन के दौरान जिला पंचायत सदस्य पुष्पेंद्र यादव, चरण सिंह यादव, आशीष पटेल, कपूर सिंह यादव सहित बड़ी संख्या में यादव समाज एवं सर्व समाज के गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
विरोध प्रदर्शन के दौरान वक्ताओं और प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री के खिलाफ जल्द ही कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई, तो आगामी 13 नवंबर को गढ़ा स्थित बागेश्वर धाम पहुंचकर वहां भी बड़े स्तर पर पुतला दहन किया जाएगा। प्रदर्शनकारियों का कहना था कि भगवान श्रीकृष्ण के संबंध में की गई टिप्पणियों से देश भर के समाज की धार्मिक भावनाएं आहत हुई हैं और इस संवेदनशील मामले में जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई होनी चाहिए।
छतरपुर में यादव समाज का प्रदर्शन, धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री का पुतला फूंका; 13 नवंबर को बागेश्वर धाम में प्रदर्शन की चेतावनी।
#Chhatarpur #YadavSamaj #BageshwarDham #छतरपुर #DhirendraShastri #MPNews https://t.co/IWLvQnEaYM
— Nishaanebaz.com (@nishaanebaz_com) November 3, 2026
इसके साथ ही प्रदर्शनकारियों ने यह भी आरोप लगाया कि धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री अपने बयानों के माध्यम से देश का माहौल खराब करने का प्रयास कर रहे हैं। समाज के लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि उनकी कथित विदेशी फंडिंग की उच्च स्तरीय जांच कराई जाए और लगाए गए आरोपों की निष्पक्ष जांच के बाद उनके खिलाफ देशद्रोह का मुकदमा दर्ज कर उचित कानूनी कार्रवाई की जाए।
