MP Weather Alert: भोपाल। मध्य प्रदेश में मौसम का मिजाज लगातार बदल रहा है। कहीं ठंड का असर बढ़ने लगा है, तो कहीं आसमान में बादल छाए रहने के साथ हल्की बारिश की संभावना बनी हुई है। मौसम विभाग ने 1 नवंबर को प्रदेश के 15 जिलों में गरज-चमक और बिजली गिरने को लेकर येलो अलर्ट जारी किया है। वहीं कुछ अन्य जिलों में भी हल्की बारिश के आसार हैं।
भोपाल समेत इन इलाकों में बढ़ने लगा ठंड का असर
राजधानी भोपाल के साथ रायसेन, सीहोर, नर्मदापुरम और बैतूल में तापमान में गिरावट दर्ज होने से ठंड का अहसास बढ़ने लगा है। इन क्षेत्रों में बादलों की आवाजाही के कारण मौसम में बदलाव देखने को मिल सकता है।.
वहीं इंदौर और उज्जैन संभाग में धूप और बादलों का मिला-जुला असर बना हुआ है। जबलपुर, मंडला, बालाघाट, शहडोल और डिंडौरी सहित पूर्वी मध्य प्रदेश के कई इलाकों में भी बादल छाए रहने और नमी बने रहने की संभावना है।
15 जिलों में येलो अलर्ट, बिजली गिरने की चेतावनी
मौसम विभाग ने सीधी, सिंगरौली, रीवा, मऊगंज, सतना, मैहर, अनूपपुर, डिंडौरी, शहडोल, उमरिया, बालाघाट, सिवनी, मंडला, पांढुर्णा और छिंदवाड़ा में येलो अलर्ट जारी किया है।इन जिलों में कहीं-कहीं गरज-चमक के साथ हल्की बारिश और बिजली गिरने की आशंका जताई गई है। इसके अलावा मुरैना, भिंड, ग्वालियर, दतिया और शिवपुरी में भी छिटपुट बारिश हो सकती है।
4 नवंबर तक मौसम में बदलाव के आसार
मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक, प्रदेश में 4 नवंबर तक मौसम का मिला-जुला मिजाज बना रह सकता है। इस दौरान कुछ इलाकों में हल्की बारिश और बूंदाबांदी होने की संभावना है। येलो अलर्ट वाले जिलों में रहने वाले लोगों को गरज-चमक के दौरान खुले स्थानों और पेड़ों के नीचे खड़े होने से बचने की सलाह दी जाती है।
मानसून के बाद भी बारिश का दौर जारी
इस साल मानसून लंबे समय तक सक्रिय रहा। अब अक्टूबर के आखिरी दिनों और नवंबर की शुरुआत में भी प्रदेश के अलग-अलग हिस्सों में बादल, बारिश और तापमान में उतार-चढ़ाव देखने को मिल रहा है। ऐसे में मौसम का असर खेती और आम जनजीवन पर भी पड़ सकता है।