Raipur Accident : रायपुर में भीषण सड़क हादसा: सेरीखेड़ी ओवरब्रिज पर तीन मजदूरों को तेज रफ्तार वाहन ने कुचला, दो की दर्दनाक मौत, एक घायल

Sanjay Sahu
Raipur Accident

Raipur Accident : रायपुर। राजधानी रायपुर में तेज रफ्तार वाहन का कहर देखने को मिला है। मंदिरहसौद थाना क्षेत्र के सेरीखेड़ी रेलवे ओवरब्रिज पर सड़क निर्माण कार्य में लगे तीन मजदूरों को एक अज्ञात तेज रफ्तार वाहन ने कुचल दिया। हादसे में राजस्थान निवासी दो मजदूरों की मौत हो गई, जबकि तीसरा मजदूर गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद वाहन चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस ने अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

डिवाइडर पर पेंटिंग कर रहे थे मजदूर, तभी हुआ हादसा

पुलिस के मुताबिक, घटना 28 अक्टूबर की सुबह करीब 9:30 बजे की है। ग्राम सेरीखेड़ी स्थित रेलवे ओवरब्रिज के उतार पर एनएच-53 के बीच बने सीमेंट के डिवाइडर पर मजदूर पेंटिंग का काम कर रहे थे। सुरक्षा के मद्देनजर सड़क पर स्टॉपर भी लगाए गए थे।

इसी दौरान आरंग की तरफ से तेज रफ्तार में आ रहा अज्ञात वाहन स्टॉपर को टक्कर मारते हुए आगे बढ़ा और सड़क पर काम कर रहे तीनों मजदूरों को अपनी चपेट में ले लिया।

दो मजदूरों की मौत, तीसरा घायल

इस हादसे में राजस्थान के सवाई माधोपुर जिले के श्यारोली क्षेत्र निवासी कपिल सैनी उर्फ गोलू (24) और पिंटू माली (45) की मौत हो गई। वहीं, तीसरा मजदूर थनवा घायल हो गया।

हादसे के बाद कपिल को मंदिरहसौद सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। उसके सिर में गंभीर चोट आई थी। वहीं, पिंटू माली को रायपुर के डीकेएस सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां 29 अक्टूबर की सुबह उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।

Raipur Accident : फरार वाहन चालक की तलाश में जुटी पुलिस

Raipur Accident : घटना में घायल तीसरे मजदूर थनवा का डीकेएस अस्पताल में इलाज जारी है। हादसे के बाद अज्ञात वाहन चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर वाहन और चालक की पहचान करने के लिए जांच शुरू कर दी है।

Share The News
Share This Article
1 Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *