School Recruitment 2026: रायपुर। छत्तीसगढ़ के स्वामी आत्मानंद स्कूलों में 1812 संविदा पदों पर भर्ती के लिए कंप्यूटर आधारित परीक्षा (CBT) 31 अक्टूबर से शुरू होने जा रही है। परीक्षा 4 नवंबर तक आयोजित की जाएगी। इसके लिए प्रदेश के 7 शहरों में 24 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं, जहां कुल 34,604 अभ्यर्थी परीक्षा देंगे।
लोक शिक्षण संचालनालय ने भर्ती परीक्षा के प्रवेश पत्र जारी कर दिए हैं। अभ्यर्थियों को प्रवेश पत्र में दिए गए निर्देशों का पालन करना होगा। परीक्षा में गलत उत्तर देने पर 0.25 अंक की नेगेटिव मार्किंग होगी। ऐसे में अभ्यर्थियों को प्रश्नों का जवाब सावधानीपूर्वक देना होगा।
रायपुर-बिलासपुर में सबसे ज्यादा परीक्षा केंद्र
भर्ती परीक्षा के लिए रायपुर और बिलासपुर में 6-6 केंद्र बनाए गए हैं। वहीं दुर्ग और भिलाई में 4-4 केंद्र निर्धारित किए गए हैं। जगदलपुर में 2, जबकि चांपा और सरगुजा में एक-एक परीक्षा केंद्र बनाया गया है। परीक्षा केंद्र का पूरा विवरण अभ्यर्थियों के प्रवेश पत्र में दिया गया है।
तीन पालियों में होगी परीक्षा
सीबीटी परीक्षा प्रतिदिन तीन पालियों में आयोजित की जाएगी। पहली पाली सुबह 8:30 से 10:30 बजे तक, दूसरी पाली दोपहर 12:30 से 2:30 बजे तक और तीसरी पाली शाम 4:30 से 6:30 बजे तक चलेगी। प्रत्येक पाली में परीक्षा की अवधि दो घंटे निर्धारित की गई है।
100 अंकों का होगा प्रश्नपत्र
परीक्षा में कुल 100 प्रश्न पूछे जाएंगे और प्रश्नपत्र 100 अंकों का होगा। प्रत्येक सही उत्तर पर एक अंक मिलेगा, जबकि गलत उत्तर देने पर 0.25 अंक काटे जाएंगे। परीक्षा के बाद मॉडल उत्तर जारी किए जाएंगे।
डेढ़ घंटे पहले पहुंचना होगा केंद्र
School Recruitment 2026: लोक शिक्षण संचालनालय के निर्देशों के अनुसार, अभ्यर्थियों को परीक्षा शुरू होने से डेढ़ घंटे पहले केंद्र पहुंचना होगा। परीक्षा शुरू होने से 15 मिनट पहले केंद्र का गेट बंद कर दिया जाएगा। इसके बाद प्रवेश नहीं मिल सकेगा। परीक्षा में शामिल होने के लिए प्रवेश पत्र के साथ मूल पहचान पत्र ले जाना अनिवार्य होगा। अभ्यर्थियों को सलाह दी गई है कि वे परीक्षा से पहले अपने प्रवेश पत्र में दर्ज केंद्र, पाली और रिपोर्टिंग समय की जानकारी अच्छी तरह जांच लें।