Raipur News: रायपुर। राजधानी रायपुर में नगर निगम ने संपत्तिकर वसूली तेज करने और शहर की सफाई व्यवस्था सुधारने की तैयारी शुरू कर दी है। निगम आयुक्त संबित मिश्रा ने साप्ताहिक टीएल बैठक में अधिकारियों को राजस्व वसूली के निर्धारित लक्ष्य पूरे करने और सफाई संबंधी शिकायतों का जल्द निराकरण करने के निर्देश दिए। उन्होंने बड़े बकायेदारों से नियमानुसार सख्ती से वसूली करने को भी कहा।
आयुक्त ने निर्देश दिए कि चालू वित्त वर्ष का संपत्तिकर 31 दिसंबर 2026 तक जमा करने वाले करदाताओं को नियमानुसार 4 प्रतिशत छूट का लाभ दिलाया जाए। इसके लिए सभी जोन कमिश्नरों और सहायक राजस्व अधिकारियों को वसूली प्रक्रिया तेज करने और अधिक से अधिक करदाताओं तक इसकी जानकारी पहुंचाने को कहा गया।
अवैध नल कनेक्शन होंगे नियमित
बैठक में अवैध नल कनेक्शनों को नियमानुसार अर्थदंड लेकर नियमित करने और संबंधित उपभोक्ताओं से जलकर वसूलने के निर्देश दिए गए। आयुक्त ने नामांतरण के मामलों का भी निर्धारित समयसीमा में निराकरण करने को कहा। इसके अलावा नगर निगम और स्वास्थ्य विभाग की ई-चालान कार्रवाई की समीक्षा की गई।
सफाई व्यवस्था सुधारने पर जोर
शहर की सफाई व्यवस्था की समीक्षा के दौरान आयुक्त ने सफाई संबंधी शिकायतों और उनके निराकरण की जानकारी ली। उन्होंने सफाई कार्य से पहले और बाद की तस्वीरों का भी अवलोकन किया। अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि सफाई व्यवस्था को प्राथमिकता देते हुए शिकायतों का जल्द समाधान किया जाए और नियमित निगरानी रखी जाए।
त्योहार से पहले दुरुस्त होंगी स्ट्रीट लाइटें
आयुक्त ने त्योहारों से पहले शहर की स्ट्रीट लाइट व्यवस्था दुरुस्त करने के निर्देश दिए। साथ ही अवैध प्लॉटिंग, अवैध निर्माण और अवैध कॉलोनियों के मामलों में नियमानुसार कार्रवाई करने को कहा। जिन निर्माणों को निर्धारित प्रक्रिया के तहत वैध किया जा सकता है, उनमें नियमों के अनुसार कार्रवाई की जाएगी। वहीं, जिन मामलों में समझौते का प्रावधान नहीं है, उनमें नियमानुसार निर्माण हटाने की कार्रवाई होगी।
आवास योजनाओं के अधूरे काम जल्द पूरे करने के निर्देश
बैठक में प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत मकानों के निर्माण और मुख्यमंत्री नगरोत्थान योजना के कार्यों की प्रगति की समीक्षा की गई। आयुक्त ने निर्माण कार्यों में गति बनाए रखने और अधूरे काम जल्द पूरे करने के निर्देश दिए। उन्होंने अधिक से अधिक स्थानों पर रेन वाटर हार्वेस्टिंग सिस्टम लगाने और इनका उचित रखरखाव करने वाले संस्थानों व लोगों को प्रोत्साहित करने पर भी जोर दिया।
जनशिकायतों का समयसीमा में हो निराकरण
Raipur News: आयुक्त ने सीएम हेल्पलाइन, कलेक्टर जनदर्शन, जनप्रतिनिधियों और आम नागरिकों से मिलने वाली शिकायतों का प्राथमिकता के आधार पर निराकरण करने को कहा। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी शिकायतों का समाधान निर्धारित समयसीमा के भीतर सुनिश्चित किया जाए। यह बैठक नगर निगम मुख्यालय स्थित महात्मा गांधी सदन के तीसरे तल के सभाकक्ष में आयोजित हुई। इसमें अपर आयुक्त, मुख्य अभियंता, अधीक्षण अभियंता, उपायुक्त, जोन कमिश्नर और विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।