IPS Ankita Sharma: IPS अंकिता शर्मा के समर्थन में उतरे रिकेश सेन, IG के बयान को लेकर कही ये बड़ी बात

Sanjay Sahu
IPS Ankita Sharma

IPS Ankita Sharma: रायपुर/राजनांदगांव/ दुर्ग । विजयादशमी के दिन साड़ी पहनकर शस्त्र पूजन के दौरान हर्ष फायरिंग करने के मामले में राजनांदगांव की IPS अधिकारी अंकिता शर्मा को भाजपा विधायक रिकेश सेन का समर्थन मिला है। विधायक ने IG अजय यादव के बयान पर आपत्ति जताते हुए कहा कि पुलिस को सोशल मीडिया पर आने वाली प्रतिक्रियाओं के आधार पर नहीं, बल्कि अपने विवेक और सरकार की नीति के अनुसार निर्णय लेना चाहिए।

विधायक रिकेश सेन ने सोशल मीडिया पर पोस्ट कर दावा किया कि विजयादशमी के दिन देशभर में 100 से अधिक महिलाओं ने शस्त्र पूजन के बाद फायरिंग की। इनमें जिला पंचायत CEO, जिला कलेक्टर, नगर निगम कमिश्नर, SDM और अपर कलेक्टर जैसे पदों पर कार्यरत महिलाएं भी शामिल थीं। उन्होंने उज्जैन का उदाहरण देते हुए कहा कि कई महिलाओं ने साड़ी पहनकर ही शस्त्र पूजन किया था।

सोशल मीडिया के हिसाब से चलेगी पुलिस तो स्मार्ट पुलिस बनना मुश्किल

रिकेश सेन ने कहा कि उन्होंने IG अजय यादव की प्रेस कॉन्फ्रेंस देखी, जिसमें सोशल मीडिया पर नकारात्मक टिप्पणियों के कारण IPS अंकिता शर्मा को नोटिस दिए जाने की बात सामने आई। विधायक ने इस पर सवाल उठाते हुए कहा कि यदि पुलिस सोशल मीडिया की प्रतिक्रियाओं के हिसाब से काम करेगी, तो स्मार्ट पुलिस बन पाना मुश्किल होगा।

उन्होंने कहा कि पुलिस को अपने विवेक और सरकार की नीति के अनुसार निर्णय लेना चाहिए। विधायक ने अंकिता शर्मा के समर्थन में कहा कि जिस तरह देशभर का मीडिया छत्तीसगढ़ की बेटी को ट्रोल कर रहा है, उससे राज्य को लेकर लोगों की सोच पर सवाल उठते हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि उनका समर्थन IPS अंकिता शर्मा के साथ है।

अवधेशानंद गिरी महाराज ने भी किया समर्थन

IPS Ankita Sharma: IPS अंकिता शर्मा के समर्थन में श्री पंच दशानन जूना अखाड़ा के आचार्य महामंडलेश्वर अवधेशानंद गिरी महाराज ने भी सोशल मीडिया पर पोस्ट किया है। उन्होंने अंकिता शर्मा के शस्त्र पूजन को नारी शक्ति, सांस्कृतिक स्वाभिमान और कर्तव्यनिष्ठा का प्रेरक उदाहरण बताया। उन्होंने कहा कि साड़ी पहनकर श्रद्धापूर्वक शस्त्र पूजन करती वरिष्ठ IPS अधिकारी की छवि भारतीय संस्कृति, नारी गरिमा और राष्ट्र रक्षा के संकल्प की अभिव्यक्ति है। इस मामले में हर्ष फायरिंग को लेकर उठे सवालों और अधिकारी को जारी नोटिस के बीच राजनीतिक और सामाजिक स्तर पर प्रतिक्रियाएं सामने आ रही हैं।

Share The News
Share This Article
2 Comments

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *