Raipur Temple Controversy: शीतला मंदिर के सूचना बोर्ड पर बवाल, यादव समाज ने थाने का किया घेराव; पीठाधीश नीरज सैनी पर FIR

Sanjay Sahu
Raipur Temple Controversy

Raipur Temple Controversy:रायपुर। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर के पुरानी बस्ती स्थित प्राचीन शीतला मंदिर में लगे एक सूचना बोर्ड को लेकर विवाद गहरा गया है। नवरात्र के दौरान मंदिर परिसर में लगाए गए बोर्ड पर लिखे कथित आपत्तिजनक शब्दों को लेकर यादव समाज में नाराजगी है। बुधवार को समाज के लोगों ने पुरानी बस्ती थाने का घेराव कर जमकर नारेबाजी की। मामले में पुलिस ने मंदिर के पीठाधीश नीरज सैनी के खिलाफ FIR दर्ज की है।

सूचना बोर्ड पर लिखे शब्दों से शुरू हुआ विवाद

विवाद मंदिर परिसर में लगे उस सूचना बोर्ड को लेकर है, जिस पर लिखा था, “ठग रौताइनों से सावधान, जल चढ़ाने हेतु किसी भी रौताइन को रुपये न दें।”
यादव समाज का आरोप है कि बोर्ड पर इस्तेमाल किए गए शब्द समाज की महिलाओं के अपमानजनक हैं। इससे न केवल महिलाओं, बल्कि पूरे समाज की भावनाएं आहत हुई हैं। समाज के लोगों ने मांग की है कि सूचना बोर्ड से आपत्तिजनक शब्दों को हटाया जाए और जिम्मेदार व्यक्ति के खिलाफ कार्रवाई की जाए।

पहले भी पुलिस से की गई थी शिकायत

इस मामले को लेकर 17 अक्टूबर को भी यादव समाज के प्रतिनिधियों ने पुरानी बस्ती थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई थी। समाज ने सूचना बोर्ड पर लिखे शब्दों को महिलाओं के सम्मान और सामाजिक प्रतिष्ठा से जुड़ा मामला बताते हुए FIR दर्ज करने की मांग की थी। इसके बावजूद नाराजगी कम नहीं हुई। बुधवार को प्रदेश अध्यक्ष सुधीर यादव के नेतृत्व में समाज के लोगों ने थाने का घेराव किया और कार्रवाई की मांग करते हुए नारेबाजी की।

पीठाधीश नीरज सैनी के खिलाफ FIR दर्ज

बढ़ते विरोध के बीच पुलिस ने शीतला मंदिर के पीठाधीश नीरज सैनी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 196(2) के तहत FIR दर्ज की है। मामले में पुलिस आगे की जांच कर रही है।

कांग्रेस विधायक देवेंद्र यादव ने भी उठाया था मुद्दा

Raipur Temple Controversy:इस विवाद पर कांग्रेस विधायक देवेंद्र यादव ने भी सोशल मीडिया के माध्यम से प्रतिक्रिया दी थी। उन्होंने आरोप लगाया था कि मंदिर परिसर में लगाए गए पोस्टर में यादव समाज की माताओं और बहनों के लिए आपत्तिजनक तथा जातिसूचक शब्दों का इस्तेमाल किया गया है। उन्होंने संबंधित प्रशासन से मामले में कड़ी कार्रवाई करने की मांग की थी। फिलहाल, सूचना बोर्ड को लेकर शुरू हुआ विवाद अब पुलिस कार्रवाई तक पहुंच गया है। मामले में आगे की जांच और प्रशासन की कार्रवाई पर सभी की नजरें टिकी हैं।

 

Share The News
Share This Article
1 Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *