Recipe: शाम की चाय के साथ कुछ चटपटा खाने का मन हो, तो मोमो का ख्याल सबसे पहले आता है। बाजार में मिलने वाले मोमो स्वादिष्ट जरूर लगते हैं, लेकिन इन्हें घर पर भी आसानी से तैयार किया जा सकता है। नेपाली स्टाइल मोमो की खासियत इनके साथ परोसी जाने वाली तीखी चटनी है, जिसमें तिल, लहसुन, टमाटर और सूखी लाल मिर्च का स्वाद मिलता है।
तीखी नेपाली चटनी के लिए सामग्री
चटनी बनाने के लिए 5 बड़े चम्मच सफेद तिल, 10 से 12 सूखी लाल मिर्च, 2 बड़े चम्मच तेल, 12 से 15 लहसुन की कलियां, 2 मध्यम प्याज, 2 टमाटर और एक इंच अदरक का टुकड़ा लें। इसके अलावा एक छोटी गड्डी हरा धनिया, आधा छोटा चम्मच हल्दी, एक छोटा चम्मच लाल मिर्च पाउडर और स्वादानुसार नमक रखें।
ऐसे तैयार करें चटपटी चटनी
सबसे पहले एक पैन में सफेद तिल और सूखी लाल मिर्च को धीमी आंच पर हल्का भून लें। दूसरे पैन में तेल गर्म करें और उसमें लहसुन, कटा प्याज, टमाटर, अदरक और हरा धनिया डालकर पकाएं। अब हल्दी, लाल मिर्च पाउडर और नमक मिलाएं। जब टमाटर और प्याज अच्छी तरह नरम हो जाएं, तो गैस बंद कर दें। इसके बाद इसे भुने हुए तिल और लाल मिर्च के साथ मिक्सर में डालें और जरूरत के अनुसार थोड़ा पानी मिलाकर पीस लें। आपकी तीखी नेपाली मोमो चटनी तैयार है।
वेज स्टफिंग बनाने का आसान तरीका
मोमो की स्टफिंग के लिए अपनी पसंद के अनुसार पत्ता गोभी, गाजर और प्याज जैसी सब्जियां लें। इन्हें बारीक काटें या कद्दूकस कर लें। सब्जियों में मौजूद अतिरिक्त पानी हल्के हाथों से निकाल दें। अब स्वादानुसार नमक डालकर अच्छी तरह मिला लें। चाहें तो स्वाद बढ़ाने के लिए थोड़ी काली मिर्च भी मिला सकते हैं।
मोमो का आटा गूंथकर करें तैयार
एक बड़े बर्तन में जरूरत के अनुसार मैदा लें और उसमें थोड़ा नमक मिलाएं। अब धीरे-धीरे पानी डालते हुए सख्त और चिकना आटा गूंथ लें। इसे ढककर लगभग 30 मिनट के लिए रख दें, ताकि आटा अच्छी तरह सेट हो जाए।
इसके बाद आटे की छोटी-छोटी लोइयां बनाकर पतली पूरियां बेलें। बीच में वेज स्टफिंग रखें और किनारों को मोड़कर अच्छी तरह बंद कर दें। सभी मोमो तैयार होने के बाद उन्हें स्टीमर में रखकर लगभग 10 से 15 मिनट तक पकाएं, या जब तक आटा पूरी तरह पक न जाए। गर्मागर्म मोमो को तीखी नेपाली चटनी के साथ परोसें।