Entertainment: दलेर मेहंदी के सपोर्ट में उतरे मीका सिंह, ट्रोलर्स से पूछा- क्या आपने उन्हें शराब पीते देखा?

News Desk

Entertainment: पंजाबी सिंगर दलेर मेहंदी उत्तराखंड के टिहरी में आयोजित कुंजापुरी मेले में अपनी परफॉर्मेंस को लेकर विवादों में हैं। कार्यक्रम के दौरान कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल ने उनका लाइव कॉन्सर्ट रुकवा दिया था। इसके बाद सोशल मीडिया पर सिंगर के कई वीडियो वायरल हुए और उन्हें लेकर मीम्स बनने लगे। अब इस मामले में उनके छोटे भाई और सिंगर मीका सिंह ने उनका समर्थन किया है।

‘क्या आपने उन्हें कभी शराब पीते देखा?’

मीका सिंह ने इंस्टाग्राम पर एक वीडियो साझा कर उन लोगों पर सवाल उठाए, जो दलेर मेहंदी को नशे में होने की बात कहकर ट्रोल कर रहे हैं। मीका ने कहा कि लोग बिना पूरी जानकारी के उनके भाई के बारे में ऐसी बातें कर रहे हैं। उन्होंने सवाल किया कि क्या किसी ने दलेर मेहंदी को कभी शराब पीते हुए देखा है या उनकी बर्थडे पार्टी में शराब की बोतलें देखी हैं?

मीका के मुताबिक, किसी व्यक्ति के बारे में बिना ठोस जानकारी के निष्कर्ष निकालना और उसका मजाक बनाना सही नहीं है। उन्होंने लोगों से अपील की कि सोशल मीडिया पर किसी भी वीडियो को देखकर तुरंत धारणा न बनाएं।

खराब तबीयत में भी निभाई होगी जिम्मेदारी

मीका सिंह ने यह भी कहा कि कलाकार कई बार किसी कार्यक्रम के लिए पहले ही हामी भर देते हैं। ऐसे में तबीयत ठीक न होने पर भी वे अपनी जिम्मेदारी निभाने की पूरी कोशिश करते हैं। उन्होंने उदाहरण देते हुए कहा कि अगर किसी कलाकार को तेज बुखार हो, लेकिन दो दिन बाद उसका शो तय हो, तो वह वादा निभाने के लिए मंच पर पहुंच सकता है।

मीका ने संभावना जताई कि दलेर मेहंदी ने भी अपनी पेशेवर जिम्मेदारी निभाने के लिए परफॉर्म करने की कोशिश की होगी। उन्होंने कहा कि कार्यक्रम में उनके साथ हुए व्यवहार को लेकर भी सवाल उठने चाहिए।

दो साल से बीमार होने का किया दावा

मीका सिंह ने अपने बड़े भाई की सेहत का जिक्र करते हुए कहा कि दलेर मेहंदी पिछले दो साल से बीमार चल रहे हैं। इसके बावजूद वह अपने बैंड के साथ कार्यक्रमों में प्रस्तुति दे रहे हैं। मीका ने यह भी सवाल किया कि क्या किसी अंतरराष्ट्रीय बैंड के साथ मंच पर ऐसा व्यवहार करने की हिम्मत की जाती?

फिलहाल, कुंजापुरी मेले में हुए इस घटनाक्रम को लेकर सोशल मीडिया पर चर्चा जारी है। जहां कुछ लोग मंत्री के व्यवहार पर भी सवाल उठा रहे हैं।

Share The News
Share This Article
1 Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *