Bhilai Steel Plant: रायपुर। छत्तीसगढ़ में भिलाई स्टील प्लांट (BSP) के निजीकरण को लेकर सियासत तेज हो गई है। पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल और प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज की ओर से निजीकरण की आशंका जताए जाने के बाद अब भाजपा विधायक रिकेश सेन ने मोर्चा खोल दिया है। रिसाली विधायक ने सोशल मीडिया पर पोस्ट कर भूपेश बघेल और कांग्रेस विधायक देवेंद्र यादव के निवास के सामने धरना देने का ऐलान किया है।
रिकेश सेन ने क्या कहा?
भाजपा विधायक रिकेश सेन ने सोशल मीडिया पर पोस्ट साझा करते हुए लिखा कि वह भूपेश बघेल और देवेंद्र यादव के निवास के सामने जल्द धरना देंगे। उन्होंने आरोप लगाया कि दोनों नेताओं ने भिलाई इस्पात संयंत्र के बिकने की अफवाह फैलाई है। हालांकि, रिकेश सेन ने अभी तक धरना देने की तारीख और समय की घोषणा नहीं की है। ऐसे में अब सबकी नजर उनके अगले कदम पर टिकी है।
भूपेश बघेल ने निजीकरण को लेकर उठाए थे सवाल
भिलाई स्टील प्लांट को लेकर पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर केंद्र सरकार पर निशाना साधा था। उन्होंने दावा किया था कि उन्हें जानकारी मिली है कि एक उद्योगपति भिलाई इस्पात संयंत्र का निरीक्षण करने आने वाले हैं।
बघेल ने आशंका जताई थी कि केंद्र सरकार की नजर अब बीएसपी पर है। उन्होंने कहा था कि भिलाई इस्पात संयंत्र छत्तीसगढ़ की आत्मा है और प्रदेशवासी इसे किसी भी कीमत पर बिकने नहीं देंगे। उन्होंने भाजपा नेताओं से भी इस मुद्दे पर अपना रुख स्पष्ट करने की बात कही थी।
दीपक बैज ने भी सरकार से मांगा जवाब
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने भी इस मुद्दे पर भूपेश बघेल का समर्थन किया था। उन्होंने सवाल उठाया था कि क्या केंद्र सरकार भिलाई स्टील प्लांट और एनएमडीसी का निजीकरण नहीं करने की गारंटी देगी? कांग्रेस नेताओं ने इस मामले में सरकार की मंशा पर सवाल उठाए हैं।
अब आमने-सामने होंगे भाजपा और कांग्रेस के नेता?
Bhilai Steel Plant: बीएसपी के निजीकरण को लेकर कांग्रेस के आरोपों के बीच भाजपा विधायक रिकेश सेन के धरने के ऐलान ने राजनीतिक बहस को और तेज कर दिया है। अब देखना होगा कि रिकेश सेन कब प्रदर्शन की तारीख घोषित करते हैं और कांग्रेस नेताओं की ओर से इस पर क्या प्रतिक्रिया आती है।