Chhattisgarh News:रायपुर। छत्तीसगढ़ में पटवारियों की हड़ताल, सीएम हेल्पलाइन की शिकायतों के निराकरण में लापरवाही पर तहसीलदार के निलंबन और SSR अभियान के बहिष्कार को लेकर राजस्व मंत्री टंकराम वर्मा ने अपनी बात रखी है। मंत्री ने सरकारी कामकाज में लापरवाही को लेकर सख्त रुख अपनाते हुए कहा कि जनता की समस्याओं का समय पर समाधान होना चाहिए। वहीं, पटवारियों की हड़ताल पर उन्होंने धान खरीदी से पहले गिरदावरी के काम को महत्वपूर्ण बताया और कांग्रेस पर भी निशाना साधा।
Chhattisgarh News:पटवारियों की हड़ताल पर क्या बोले मंत्री?
राजस्व मंत्री टंकराम वर्मा ने कहा कि वर्तमान समय बेहद महत्वपूर्ण है, क्योंकि प्रदेश में धान खरीदी की तैयारियां चल रही हैं और इसके लिए गिरदावरी का काम जरूरी है। उन्होंने बताया कि अभी तक पटवारी संघ के साथ उनकी बातचीत नहीं हुई है और न ही संघ की ओर से कोई प्रतिनिधि बातचीत के लिए आया है।
कांग्रेस के आरोपों पर पलटवार करते हुए मंत्री ने कहा कि विपक्ष बेवजह सरकार पर आरोप न लगाए। उन्होंने दावा किया कि वर्तमान सरकार, कांग्रेस सरकार की तुलना में किसानों से अधिक कीमत पर धान खरीद रही है।
तहसीलदार के निलंबन पर सख्त संदेश
सीएम हेल्पलाइन पर दर्ज शिकायतों के निराकरण में लापरवाही के मामले में तहसीलदार प्रमोद कुमार चंद्रवंशी के निलंबन पर मंत्री ने कहा कि इस कार्रवाई से स्पष्ट संदेश गया है कि सरकारी कामकाज में लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
उन्होंने कहा कि सीएम हेल्पलाइन का उद्देश्य आम लोगों को घर बैठे उनकी समस्याओं का समाधान उपलब्ध कराना है। ऐसे में अधिकारियों की जिम्मेदारी है कि वे शिकायतों को गंभीरता से लें और तय समय-सीमा में उनका निराकरण करें। शिकायतों के समाधान में लापरवाही बरतने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
Chhattisgarh News:SSR अभियान के बहिष्कार पर कांग्रेस को घेरा
Chhattisgarh News:SSR अभियान के बहिष्कार को लेकर मंत्री टंकराम वर्मा ने कांग्रेस पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि जो लोग संबंधित क्षेत्र में रहते ही नहीं हैं, उनके नाम मतदाता सूची में क्यों होने चाहिए? ऐसे नाम हटाए जाने चाहिए और मतदाता सूची में गलत तरीके से नाम जोड़ना उचित नहीं है। मंत्री ने आरोप लगाया कि कांग्रेस का स्वभाव विरोध करना है और वह हर मुद्दे पर विरोध का रास्ता अपनाती है। उन्होंने मतदाता सूची को दुरुस्त करने की प्रक्रिया को जरूरी बताते हुए गलत नामों को हटाने की बात कही।
