रीवा। Nishaanebaz.com-Rewa Ayurveda College Protest: मध्य प्रदेश के रीवा जिले स्थित शासकीय आयुर्वेद महाविद्यालय एवं चिकित्सालय में इंटर्न चिकित्सकों का आंदोलन अब बेहद उग्र रूप लेता जा रहा है। स्टाइपेंड में भारी कमी और लंबे समय से लंबित मांगों पर कोई ठोस निर्णय न आने के कारण इंटर्न डॉक्टरों की हड़ताल सोमवार को नौवें दिन में प्रवेश कर गई। आंदोलन के नौवें दिन आक्रोशित चिकित्सकों ने अपनी मांगों के समर्थन में कॉलेज के मुख्य गेट पर पहुंचकर अपनी डिग्रियां जलाकर अनोखा और कड़ा विरोध दर्ज कराया।
महज 9,383 रुपये मिल रहा है मासिक स्टाइपेंड
शासकीय आयुर्वेद महाविद्यालय में बीएएमएस (BAMS) इंटर्नशिप कर रहे इन चिकित्सकों का कहना है कि वे लंबे समय से अपने स्टाइपेंड में बढ़ोतरी और अन्य प्रशासनिक संशोधनों की मांग कर रहे हैं, लेकिन शासन स्तर पर उनकी सुध नहीं ली जा रही है। छात्रों का आरोप है कि उन्हें वर्तमान में हर महीने महज 9,383 रुपये का अल्प स्टाइपेंड दिया जा रहा है, जो देश के अन्य राज्यों की तुलना में बेहद कम है।
छात्रों की मांग है कि आधुनिक चिकित्सा पद्धति (एलोपैथी) और अन्य राज्यों के समकक्ष आयुर्वेद इंटर्न चिकित्सकों के स्टाइपेंड में भी समानता लाई जाए। उनका कहना है कि महंगाई के इस दौर में इस मामूली राशि से अपना खर्च चलाना भी मुश्किल हो रहा है।
शासन स्तर पर अब तक ठोस निर्णय का अभाव
हड़ताल के नौ दिन बीत जाने के बावजूद शासन या चिकित्सा विभाग की ओर से कोई भी आधिकारिक और संतोषजनक आश्वासन न मिलने के कारण छात्रों का गुस्सा सातवें आसमान पर है। सोमवार को जब विरोध प्रदर्शन अपने चरम पर था, तब आक्रोशित छात्रों ने कॉलेज परिसर के मुख्य द्वार पर अपनी डिग्रियां जलाकर प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। छात्रों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही उनकी मांगों को पूरा करते हुए स्टाइपेंड बढ़ाने का आदेश जारी नहीं किया गया, तो वे अपने आंदोलन को और अधिक तीव्र करने के लिए बाध्य होंगे।


