President Draupadi Murmu: रायपुर : राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू 22 और 23 अक्टूबर 2026 को दो दिवसीय छत्तीसगढ़ दौरे पर रहेंगी। इस दौरान उनका रायपुर और जगदलपुर (बस्तर) जाने का कार्यक्रम प्रस्तावित है। राष्ट्रपति के दौरे की तैयारियों को लेकर मुख्य सचिव विकासशील की अध्यक्षता में मंत्रालय महानदी भवन में हाईलेवल बैठक हुई। बैठक में अधिकारियों को सुरक्षा और अन्य व्यवस्थाओं को लेकर जरूरी निर्देश दिए गए।
मुख्य सचिव ने कहा कि राष्ट्रपति के दौरे के दौरान सुरक्षा, प्रोटोकॉल, ठहरने, स्वास्थ्य और परिवहन की सभी व्यवस्थाएं तय मानकों के अनुसार पूरी की जाएं। राष्ट्रपति के पूरे दौरे के लिए संस्कृति विभाग को नोडल विभाग बनाया गया है।
रायपुर में इन कार्यक्रमों में शामिल होंगी राष्ट्रपति
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू रायपुर में लोकभवन और बूढ़ापारा स्थित बलबीर सिंह जुनेजा इंडोर स्टेडियम में आयोजित कार्यक्रमों में शामिल होंगी। इसके अलावा जगदलपुर के लालबाग ग्राउंड में आयोजित मुरिया दरबार और बस्तर दशहरा के अवसर पर होने वाले बड़े सार्वजनिक कार्यक्रम में भी उनके शामिल होने का कार्यक्रम प्रस्तावित है।
एयरपोर्ट से कार्यक्रम स्थल तक सुरक्षा व्यवस्था
मुख्य सचिव ने रायपुर और बस्तर के कलेक्टरों को राष्ट्रपति के दौरे से जुड़ी सभी तैयारियां समय पर पूरी करने के निर्देश दिए। स्वामी विवेकानंद एयरपोर्ट रायपुर और मां दंतेश्वरी एयरपोर्ट जगदलपुर से कार्यक्रम स्थलों तक सुरक्षा, कारकेड और यातायात व्यवस्था की जिम्मेदारी संबंधित कलेक्टरों, पुलिस आयुक्त और पुलिस अधीक्षकों को दी गई है।
राष्ट्रपति और उनके साथ आने वाले अतिथियों के ठहरने की व्यवस्था भी तय मानकों के अनुसार की जाएगी। स्वास्थ्य विभाग की गाइडलाइन के अनुसार कार्यक्रम स्थलों पर जरूरी चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध रहेंगी।
कार्यक्रम स्थलों पर मंच, बैकड्रॉप, बिजली की वैकल्पिक व्यवस्था, साउंड और लाइट सिस्टम के साथ ग्रीन रूम में कंप्यूटर, प्रिंटर और इंटरनेट की सुविधा उपलब्ध कराने के निर्देश भी दिए गए हैं।
President Draupadi Murmu: वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग से जुड़े अधिकारी
President Draupadi Murmu: बैठक में सामान्य प्रशासन विभाग, संस्कृति एवं पर्यटन, गृह विभाग, जनसंपर्क विभाग सहित कई विभागों के वरिष्ठ अधिकारी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए शामिल हुए। रायपुर और बस्तर के कलेक्टर व पुलिस अधिकारी, स्वास्थ्य विभाग, लोक निर्माण विभाग, एयरफोर्स, बीएसएनएल और एयरपोर्ट अथॉरिटी के अधिकारी भी बैठक में मौजूद रहे।






