टीकमगढ़। Nishaanebaz.com-Tikamgarh Train Stone Pelting: मध्य प्रदेश के टीकमगढ़ जिले से एक बड़ी और चिंताजनक खबर सामने आ रही है। जिले के खरगापुर रेलवे स्टेशन के पास मंगलवार देर रात डॉ. आंबेडकर नगर (इंदौर)-प्रयागराज एक्सप्रेस पर अज्ञात उपद्रवियों द्वारा पथराव किए जाने की घटना से हड़कंप मच गया है। चलती ट्रेन के एस-1 स्लीपर और जनरल कोच पर अचानक हुए पथराव से यात्रियों के बीच अफरा-तफरी और दहशत का माहौल पैदा हो गया। इस खतरनाक हमले में एक यात्री के सिर में गंभीर चोट आई है और कोच के कांच के शीशे भी टूट गए हैं।
छतरपुर के रहने वाले प्रत्यक्षदर्शी रविंद्र सिंह ने जानकारी देते हुए बताया कि जब ट्रेन खरगापुर के आसपास से गुजर रही थी, तभी अचानक बाहर से पत्थरों की बरसात होने लगी। कई पत्थर तो तेज रफ्तार में खिड़कियों को तोड़ते हुए सीधे कोच के अंदर आ गिरे, जिससे यात्री बुरी तरह सहम गए। घटना के तुरंत बाद यात्रियों ने सूझबूझ दिखाते हुए रेलवे स्टाफ को इसकी सूचना दी, जिसके बाद जीआरपी पुलिस दल-बल के साथ मौके पर पहुंची और तुरंत मामले की जांच शुरू कर दी।
Read More : Surguja Crime: नाबालिग छात्रा से सामूहिक दुष्कर्म, लिफ्ट देने के बहाने जंगल ले गए, 4 आरोपी गिरफ्तार
सबसे हैरानी की बात यह है कि इसी ट्रेन को कुछ ही दिन पहले यानी 3 सितंबर को भी ईसानगर से खरगापुर के बीच इसी तरह निशाना बनाया गया था। ट्रेन के सफाई कर्मचारी हर्ष कार रावत ने बताया कि पिछली घटना की आधिकारिक शिकायत जीआरपी और वरिष्ठ अधिकारियों से की गई थी, लेकिन सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम न होने के कारण उपद्रवियों के हौसले बुलंद हैं और उन्होंने फिर से इस वारदात को दोहरा दिया है।
लगातार दूसरी बार एक ही ट्रेन को इस तरह निशाना बनाए जाने से यात्रियों की सुरक्षा और रेलवे ट्रैक की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। फिलहाल जीआरपी पुलिस आसपास के इलाकों और रेलवे ट्रैक के किनारे संदिग्धों की सघन तलाश कर रही है, हालांकि अभी तक किसी भी आरोपी की पहचान नहीं हो सकी है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि दोषियों को जल्द ही गिरफ्तार कर उनके खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।






