ग्वालियर। Nishaanebaz.com-Gwalior Hidden Camera Case: मध्य प्रदेश के ग्वालियर जिले से एक बेहद घिनौना और सनसनीखेज मामला सामने आया है। यहाँ एक युवक पर महिलाओं से दोस्ती करने, उनके साथ शारीरिक संबंध बनाने और गुप्त कैमरों (Hidden Cameras) की मदद से उनके अश्लील वीडियो रिकॉर्ड करने का गंभीर आरोप लगा है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है, जिसके मोबाइल फोन से 40 से अधिक महिलाओं के आपत्तिजनक वीडियो मिलने की बात सामने आई है।
कैसे खुला राज?
यह पूरा मामला ग्वालियर के यूनिवर्सिटी थाना क्षेत्र का है। मूल रूप से झांसी की रहने वाली एक पीड़ित महिला रात करीब 12 बजे थाने पहुँची और न्याय की गुहार लगाते हुए शिकायत दर्ज कराने के लिए पुलिस अधिकारियों का इंतजार करती रही। पीड़िता के अनुसार, सिटी सेंटर स्थित न्यू सारिका विहार में रहने वाले योगेश गुप्ता से उसकी जान-पहचान और दोस्ती हुई थी। आरोप है कि युवक ने नजदीकियां बढ़ाने के बाद उसके साथ शारीरिक संबंध बनाए और इस दौरान चुपचाप उसके आपत्तिजनक वीडियो रिकॉर्ड कर लिए।
Read More : Recipe: 10 मिनट में बनाएं इंस्टेंट चुकंदर डोसा, प्लेट में दिखेगा रंग और स्वाद के साथ सेहत का तड़का
हिंदूवादी संगठन ने पकड़ा, पुलिस ने खंगाला मोबाइल
आरोपी योगेश गुप्ता की हरकतों की भनक लगने पर हिंदूवादी संगठन ‘राष्ट्रीय सनातन सेना’ के कार्यकर्ताओं ने उसे दबोच लिया और पुलिस के हवाले कर दिया। इसके बाद पुलिस ने जब आरोपी के मोबाइल की तकनीकी जांच की और गैलरी खंगाली, तो सनसनीखेज खुलासे हुए। पुलिस के मुताबिक, मोबाइल में 40 से ज्यादा महिलाओं के आपत्तिजनक वीडियो मिले हैं। इनमें कुछ वीडियो ऐसे भी हैं, जिनमें आरोपी महिलाओं के साथ उनके छोटे बच्चों के सामने भी अश्लील हरकत और बातचीत करता हुआ नजर आ रहा है। शुरुआती जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपी हिडन स्पाई कैमरों और इलेक्ट्रॉनिक डिवाइसेज के जरिए इन वीडियो को रिकॉर्ड करता था।
पुलिस ने बढ़ाया जांच का दायरा
राष्ट्रीय सनातन सेना की राष्ट्रीय अध्यक्ष भगवती शुक्ला ने मामले पर कड़ा रोष व्यक्त करते हुए कहा कि पुलिस के सामने अब सबसे बड़ा सवाल यह है कि आरोपी के मोबाइल में मिले ये वीडियो किन-किन महिलाओं के हैं और इन्हें किन परिस्थितियों में रिकॉर्ड किया गया।
मामले की गंभीरता को देखते हुए सीएसपी (CSP) रॉबिन जैन ने बताया कि एक महिला की शिकायत पर शुरू हुई इस जांच में मोबाइल से 40 से अधिक महिलाओं के आपत्तिजनक वीडियो मिलने की बात सामने आई है। पुलिस ने जांच का दायरा काफी बढ़ा दिया है और यह पता लगाया जा रहा है कि इस काले कारोबार के पीछे और कितनी महिलाएं इसका शिकार हुई हैं। पुलिस का कहना है कि जैसे-जैसे अन्य पीड़िताएं सामने आएंगी, मामले में और सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।






