Sunday, October 4, 2026
Home Chhattisgarh Raigarh Cricket Betting Action: ऑनलाइन क्रिकेट सट्टे का पर्दाफाश, रायगढ़ पुलिस की...

Raigarh Cricket Betting Action: ऑनलाइन क्रिकेट सट्टे का पर्दाफाश, रायगढ़ पुलिस की गिरफ्त में आया 1 साल से सक्रिय बुकी

गौरी शंकर गुप्ता/रायगढ़। Nishaanebaz.com-Raigarh Cricket Betting Action: रायगढ़ जिले में जुआ-सट्टा और विशेष रूप से ऑनलाइन क्रिकेट सट्टे के अवैध नेटवर्क को पूरी तरह ध्वस्त करने के लिए पुलिस प्रशासन का विशेष ‘ऑपरेशन अंकुश’ (Operation Ankush) तेजी से जारी है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) शशि मोहन सिंह के कड़े दिशा-निर्देशों, एडिशनल एसपी अनिल सोनी तथा नगर पुलिस अधीक्षक (सीएसपी) मयंक मिश्रा के मार्गदर्शन में चक्रधरनगर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए बोईरदादर क्षेत्र से ऑनलाइन क्रिकेट मैचों पर दांव लगवा रहे एक बुकी को रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया है।

पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, रविवार (03 अक्टूबर 2026) को चक्रधरनगर थाना पुलिस को मुखबिर से सटीक सूचना प्राप्त हुई थी कि बोईरदादर स्थित शालिनी स्कूल रोड के पास गुरुकृपा प्रोविजन स्टोर के समीप एक व्यक्ति अपने मोबाइल फोन के जरिए लाइव क्रिकेट मैच पर हार-जीत का दांव लगवाकर सट्टा खिला रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने बिना समय गंवाए मौके पर घेराबंदी की और संदेही पंकज जय सिंह (पिता गोविंद राम जय सिंह, निवासी सिंधी कॉलोनी पक्की खोली, थाना चक्रधरनगर) को दबोच लिया।

Read More : भाजपा ने खोले राज्यसभा के पत्ते! दिनेश आर्या और कोयल मल्लिक को टिकट, जानें दोनों का सियासी सफर

पूछताछ और मोबाइल की तकनीकी जांच में आरोपी द्वारा मोबाइल से ऑनलाइन सट्टा संचालित किए जाने के पुख्ता प्रमाण मिले। आरोपी पंकज ने पुलिस के समक्ष स्वीकार किया कि वह बीते करीब एक साल से ऑनलाइन क्रिकेट सट्टे के कारोबार में सक्रिय है और इससे पहले भी सीएसपी मयंक मिश्रा द्वारा उसके खिलाफ दंडात्मक कार्रवाई की जा चुकी थी। आरोपी सट्टा खेलने वालों से UPI माध्यम से पैसे प्राप्त करता था और फिर रकम को मुख्य खाईवाल को ट्रांसफर कर देता था। पुलिस ने आरोपी के पास से एक Vivo V60 स्मार्टफोन जब्त किया है, जिसकी क्रोम हिस्ट्री में सट्टा साइट्स के एक्टिव लिंक और डिजिटल ट्रांजैक्शन के सबूत पाए गए हैं।

Read More : 1.90 लाख रुपये की नई Pulsar NS400Z लॉन्च, अब मिलेगा TFT कंसोल, नेविगेशन और कई स्मार्ट फीचर्स

मामले में पुलिस ने आरोपी पंकज के खिलाफ धारा 7 छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम एवं धारा 3(5) BNS के तहत अपराध पंजीबद्ध कर उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। सीएसपी मयंक मिश्रा और सीएसपी राहुल उईके के मार्गदर्शन में एसआई गेंदलाल साहू, एएसआई आशिक रात्रे, आरक्षक संदीप कौशिक एवं मिनकेतन साहू ने इस सफल कार्रवाई को अंजाम दिया। पुलिस को आरोपी से मुख्य खाईवाल के संबंध में अहम सुराग मिले हैं, जिसके आधार पर जल्द ही मुख्य सरगना की गिरफ्तारी की जाएगी। एसएसपी शशि मोहन सिंह ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि डिजिटल फुटप्रिंट्स के जरिए सट्टा खेलने और खिलाने वाले पूरे सिंडिकेट पर कड़ी निगरानी रखी जा रही है।

Share The News

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here