Saturday, October 3, 2026
Home Chhattisgarh Raipur Jobs News: छत्तीसगढ़ के आत्मानंद स्कूलों में 1812 पदों पर संविदा...

Raipur Jobs News: छत्तीसगढ़ के आत्मानंद स्कूलों में 1812 पदों पर संविदा भर्ती, दुर्ग में सबसे ज्यादा 229 और रायपुर में 141 वैकेंसी

Raipur Jobs News
Raipur Jobs News

Raipur Jobs News: रायपुर। छत्तीसगढ़ के स्वामी आत्मानंद अंग्रेजी माध्यम उत्कृष्ट स्कूलों में नौकरी का इंतजार कर रहे अभ्यर्थियों के लिए राहत की खबर है। लोक शिक्षण संचालनालय (DPI) ने प्रदेश के विभिन्न स्कूलों में 1812 पदों पर संविदा भर्ती के लिए विज्ञापन जारी किया है। भर्ती प्रक्रिया केंद्रीकृत तरीके से आयोजित की जाएगी।

Raipur Jobs News: इन पदों पर होगी भर्ती

भर्ती में शैक्षणिक और गैर-शैक्षणिक दोनों तरह के पद शामिल हैं। व्याख्याता के कुल 518 पदों पर भर्ती होगी। इनमें वाणिज्य के 104, अंग्रेजी के 65, सामाजिक विज्ञान के 52, हिंदी के 51, भौतिकी के 53, गणित के 49, संस्कृत के 47, रसायन शास्त्र के 44 और जीव विज्ञान के 39 पद शामिल हैं।

सहायक शिक्षक के 590 पद रखे गए हैं। इसके अलावा अंग्रेजी शिक्षक के 106, कला शिक्षक के 72, गणित शिक्षक के 68, विज्ञान शिक्षक के 56 और हिंदी/संस्कृत शिक्षक के 34 पद शामिल हैं।

गैर-शैक्षणिक और अन्य पदों की स्थिति

भर्ती में प्राथमिक प्रधानपाठक के 27, पूर्व माध्यमिक प्रधानपाठक के 24, प्रयोगशाला सहायक के 170, ग्रंथपाल के 60, व्यायाम शिक्षक के 50 और कंप्यूटर शिक्षक के 40 पद भी शामिल हैं।

दुर्ग में सबसे ज्यादा वैकेंसी

जिलावार पदों की बात करें तो दुर्ग में सबसे ज्यादा 229 पदों पर भर्ती होगी। इसके बाद रायपुर में 141, बेमेतरा में 103, बिलासपुर में 97, कोरबा में 87, कांकेर में 85 और मुंगेली में 82 पद हैं। सक्ती में 73, सरगुजा में 72, जबकि बलौदाबाजार और बीजापुर में 61-61 पद निर्धारित किए गए हैं। सुकमा में 9 और कोरिया में सबसे कम 8 पदों पर भर्ती होगी।

मई में रद्द हुई थी भर्ती प्रक्रिया

Raipur Jobs News: इससे पहले जिला स्तर पर शुरू की गई भर्ती प्रक्रिया को 30 मई को रद्द कर दिया गया था। इसके करीब चार महीने बाद DPI ने अब केंद्रीकृत भर्ती का विज्ञापन जारी किया है। रायपुर जिले के 33 स्वामी आत्मानंद स्कूलों में पहले 152 पद रिक्त बताए गए थे। नई भर्ती प्रक्रिया में रायपुर के लिए 141 पद निर्धारित किए गए हैं। इच्छुक अभ्यर्थी शिक्षा विभाग के आधिकारिक पोर्टल eduportal.cg.nic.in के माध्यम से ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। आवेदन करने से पहले अभ्यर्थियों को संबंधित पद की शैक्षणिक योग्यता, आयु सीमा, आरक्षण, मानदेय और अन्य जरूरी शर्तों की जानकारी आधिकारिक विज्ञापन में देखना जरूरी होगा।

Share The News

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here