Recipe: डेली रूटीन में सलाद को डाइट का हिस्सा बनाना जरूरी है। लेकिन रोज एक ही तरह का सलाद खाकर अगर आप भी बोर हो गई हैं, तो इस बार इसमें कोरियन फ्लेवर जोड़कर देखें। कोरियन स्टाइल के सलाद में ताजी सब्जियों के साथ हल्की तीखी, खट्टी और चटपटी ड्रेसिंग का इस्तेमाल किया जाता है। ये फटाफट तैयार हो जाती हैं और खाने के साथ साइड डिश के तौर पर भी परोसा जा सकता है।
कोरियन लेटस सलाद
लेटस से तैयार यह सलाद हल्का, कुरकुरा और चटपटा होता है। इसे बनाने के लिए सबसे पहले ताजे लेटस के पत्तों को छोटे टुकड़ों में तोड़ लें। अब एक बाउल में तिल का तेल, तिल, सिरका, बारीक कटा लहसुन, थोड़ी चीनी और कोरियन चिली फ्लेक्स यानी गोचुगारू डालकर ड्रेसिंग तैयार करें। इसमें लेटस डालकर अच्छी तरह मिलाएं और तुरंत सर्व करें। चाहें तो इसमें अपनी पसंद की हरी सब्जियां भी शामिल कर सकती हैं।
झटपट किम्ची-स्टाइल कैबेज सलाद
अगर आपको किम्ची का स्वाद पसंद है लेकिन फर्मेंटेशन के लिए इंतजार नहीं करना चाहतीं, तो यह सलाद ट्राई कर सकती हैं। ताजी पत्ता गोभी को बारीक काटें और इसमें गोचुगारू, थोड़ा सोया सॉस, लहसुन, हरा प्याज, सिरका और चीनी मिलाएं। सभी चीजों को अच्छी तरह टॉस करें और कुछ देर बाद ताजा परोसें। इसमें फर्मेंटेशन की जरूरत नहीं होती, इसलिए इसे तुरंत तैयार किया जा सकता है।
कोरियन कुकुंबर सलाद
खीरे से बनने वाला ओई मुचिम कोरियन खाने की एक लोकप्रिय साइड डिश मानी जाती है। इसके लिए खीरे को पतले स्लाइस में काटकर हल्का नमक लगाएं और करीब 10 मिनट के लिए छोड़ दें। इसके बाद अतिरिक्त पानी निकाल दें। अब इसमें सिरका, चीनी, तिल का तेल और स्वाद के अनुसार थोड़ा गोचुगारू मिलाएं। इसे ठंडा करके परोसने पर इसका स्वाद और भी अच्छा लगता है।
मसालेदार बेबी बोक चोय सलाद
बोक चोय को कोरियन अंदाज में तैयार करने के लिए पहले इसे अच्छी तरह धोकर आधा काट लें। उबलते पानी में थोड़ी देर ब्लांच करने के बाद इसे ठंडे पानी में डालें और अतिरिक्त पानी निकाल दें। अब एक अलग बाउल में गोचुगारू, चावल का सिरका, तिल का तेल और थोड़ी चीनी मिलाकर ड्रेसिंग तैयार करें। चाहें तो इसमें थोड़ा सोया सॉस भी डाल सकती हैं। इस ड्रेसिंग को बोक चोय के साथ मिलाएं और सलाद तैयार है।
गर्मियों में हो सकता है अच्छा विकल्प
इन सलाद को आप लंच या डिनर के साथ साइड डिश की तरह परोस सकती हैं। ताजी सब्जियों से तैयार होने के कारण ये खाने में हल्के और क्रंची लगते हैं। हालांकि केवल सलाद को ही पूरी डाइट मानने के बजाय इसे संतुलित भोजन का हिस्सा बनाना बेहतर है।






