Dongargarh News: डोंगरगढ़। ऑनलाइन ट्रेडिंग में निवेश कर मोटा मुनाफा कमाने का झांसा देकर दो महिलाओं से लाखों रुपये लेने का मामला सामने आया है। पुलिस के मुताबिक दोनों महिलाओं ने आरोपी को अलग-अलग समय में कुल 82 लाख 50 हजार रुपये दिए थे। इनमें से 45 लाख 80 हजार रुपये वापस किए गए, जबकि 36 लाख 70 हजार रुपये अब तक वापस नहीं मिले। शिकायत के बाद डोंगरगढ़ पुलिस ने आरोपी कैलाश सेठी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।
पुलिस के अनुसार मामला ‘प्योर ट्रेडिंग’ नाम की कंपनी में निवेश और मुनाफे के वादे से जुड़ा है। आरोप है कि कैलाश सेठी ने दोनों महिलाओं को ऑनलाइन ट्रेडिंग में रकम लगाने पर अच्छा लाभ मिलने का भरोसा दिलाया और उनसे ऑनलाइन तथा नगद माध्यम से पैसे लिए।
पहला मामला वार्ड नंबर 21, रेस्ट हाउस डोंगरगढ़ निवासी प्रतिमा पाल का है। शिकायत के अनुसार प्रतिमा ने 30 मई 2023 से 4 मई 2025 के बीच आरोपी को कुल 27 लाख 50 हजार रुपये दिए थे। इसमें से करीब 19 लाख रुपये वापस किए गए, लेकिन 8 लाख 50 हजार रुपये वापस नहीं मिले।
दूसरा मामला नमिता चौबे से जुड़ा है। पुलिस के मुताबिक नमिता ने 7 फरवरी 2023 से 7 मई 2025 के बीच आरोपी को कुल 55 लाख रुपये दिए। इनमें से करीब 26 लाख 80 हजार रुपये लौटाए गए, जबकि 28 लाख 20 हजार रुपये वापस नहीं मिले।
Dongargarh News: रकम वापस नहीं मिलने पर दोनों महिलाओं ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई। शिकायतों के आधार पर डोंगरगढ़ थाने में अलग-अलग अपराध दर्ज कर जांच शुरू की गई। जांच के दौरान पुलिस ने कैलाश सेठी को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पुलिस का कहना है कि निवेश के नाम पर अधिक मुनाफे का प्रलोभन देकर रकम लेने के संबंध में साक्ष्य मिलने के बाद आरोपी को 30 सितंबर 2026 को गिरफ्तार किया गया।
Dongargarh News: आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया। दोनों मामलों में धारा 318(4), 238 बीएनएस के तहत कार्रवाई की गई है। पुलिस अब लेन-देन, निवेश और रकम के इस्तेमाल से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच कर रही है।






