Friday, October 2, 2026
Home Chhattisgarh CG News: मिर्ची की बोरियों के नीचे छिपाकर ले जा रहे थे...

CG News: मिर्ची की बोरियों के नीचे छिपाकर ले जा रहे थे 2 करोड़ का गांजा, 440 किलो से ज्यादा माल जब्त; 2 तस्कर गिरफ्तार

CG News
CG News

CG News: रायपुर। छत्तीसगढ़ में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे ऑपरेशन आघात के तहत जशपुर पुलिस ने गांजा तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। लावाकेरा चेकिंग बैरियर पर पुलिस ने एक मिनी ट्रक से 440.63 किलो गांजा बरामद किया है। आरोपी गांजे को मिर्ची की बोरियों के नीचे छिपाकर उड़ीसा से उत्तर प्रदेश ले जा रहे थे। पुलिस ने मामले में प्रयागराज निवासी दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है।

CG News: पुलिस के मुताबिक डीआईजी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक जशपुर डॉ. लाल उमेद सिंह के निर्देशन और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक राकेश कुमार पाटनवार के मार्गदर्शन में उड़ीसा सीमा से लगे क्षेत्रों में वाहनों की विशेष जांच की जा रही है। इसी दौरान 2 अक्टूबर की सुबह करीब 9 बजे एंटी नारकोटिक्स टीम और थाना तपकरा पुलिस ने उड़ीसा की ओर से आ रहे टाटा आईसर मिनी ट्रक क्रमांक यूपी-71-टी-6592 को रोका।

वाहन में सवार दोनों व्यक्तियों ने अपना नाम मो. वसीम (28) और मो. आसिफ (34) बताया। दोनों प्रयागराज, उत्तर प्रदेश के रहने वाले हैं। पूछताछ में उन्होंने ट्रक में मिर्ची की बोरियां होने की जानकारी दी। संदेह होने पर पुलिस ने जब बोरियों की तलाशी ली तो ऊपर मिर्ची की बोरियां मिलीं, जबकि उनके नीचे टेप से लिपटे पैकेट छिपाए गए थे।

440 पैकेट में मिला 440.63 किलो गांजा

पुलिस ने गवाहों की मौजूदगी में ट्रक की तलाशी ली। इस दौरान 14 बोरियों से कुल 440 पैकेट गांजा बरामद किया गया। गांजे का कुल वजन 440.63 किलो बताया गया है, जिसकी अनुमानित कीमत 2 करोड़ 20 लाख 31 हजार 500 रुपये है। इसके अलावा करीब 20 लाख रुपये कीमत का मिनी ट्रक भी जब्त किया गया। इस तरह पुलिस ने गांजा और वाहन समेत कुल 2 करोड़ 40 लाख 31 हजार 500 रुपये की संपत्ति जब्त की है।

उड़ीसा से प्रयागराज ले जा रहे थे गांजा

प्रारंभिक पूछताछ में आरोपियों ने गांजा उड़ीसा के बोध क्षेत्र से लेकर प्रयागराज ले जाने की बात बताई है। पुलिस अब गांजा सप्लाई करने वाले और प्रयागराज में इसे हासिल करने वाले लोगों की पहचान करने में जुटी है। तस्करी के नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच की जा रही है। दोनों आरोपियों के खिलाफ थाना तपकरा में एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(बी) के तहत मामला दर्ज किया गया है।

CG News: जनवरी से अब तक 1906 किलो गांजा बरामद

CG News: जशपुर पुलिस के अनुसार जनवरी 2026 से अब तक गांजा तस्करी के 16 मामलों में करीब 8 करोड़ रुपये कीमत का 1906 किलो गांजा बरामद किया जा चुका है। इन मामलों में 22 आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा गया है। पुलिस ने तस्करी में इस्तेमाल 17 कार और एक पिकअप वाहन भी जब्त किया है।

CG News: कार्रवाई में थाना प्रभारी तपकरा निरीक्षक त्रिलोक प्रधान, निरीक्षक संदीप कौशिक, सहायक उप निरीक्षक संतोष चौरसिया, आरक्षक शिवकुमार, विनोद तिर्की सहित एंटी नारकोटिक्स टीम और थाना तपकरा पुलिस की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

Share The News

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here