CG News:मोहम्मद याकुब\धरसीवां। “सेवा से संकल्प माह” के तहत सेवा सदन कार्यालय में विकासखंड स्तरीय विशाल शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में 5 हजार से अधिक नागरिकों ने सहभागिता की। अलग-अलग शासकीय विभागों की ओर से लगाए गए स्टॉल के जरिए लोगों को सरकारी योजनाओं, जनकल्याणकारी कार्यक्रमों और विभिन्न सेवाओं की जानकारी देने के साथ पात्र हितग्राहियों को योजनाओं का लाभ भी उपलब्ध कराया गया।
शिविर में सबसे बड़ी गतिविधियों में से एक श्रम विभाग की ओर से हितग्राहियों को आर्थिक सहायता का वितरण रहा। विभाग ने 84 लाख रुपये की राशि डीबीटी के माध्यम से हितग्राहियों के बैंक खातों में अंतरित की। इसके अलावा स्वास्थ्य विभाग की सेवाओं का भी बड़ी संख्या में लोगों ने लाभ उठाया। शिविर के दौरान 1500 से अधिक नागरिकों का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया और उन्हें आवश्यक स्वास्थ्य परामर्श एवं चिकित्सा संबंधी सेवाएं उपलब्ध कराई गईं।
आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को मिले नियुक्ति आदेश
महिला एवं बाल विकास विभाग की ओर से शिविर में 3 आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को नियुक्ति आदेश प्रदान किए गए। इस दौरान विभागीय योजनाओं और सेवाओं से संबंधित जानकारी भी नागरिकों को दी गई।
जनपद पंचायत धरसीवां की ओर से भी विभिन्न योजनाओं के तहत उपलब्धियों और हितग्राही लाभों को शिविर में सामने रखा गया। इसमें 400 शौचालय, 100 प्रधानमंत्री आवास और 400 लखपति दीदी से संबंधित उपलब्धियां और लाभ शामिल रहे। विभागों की ओर से पात्र हितग्राहियों के आवेदन, पंजीयन और अन्य जरूरी शासकीय सेवाओं की प्रक्रिया भी शिविर स्थल पर पूरी की गई।
दो महिलाओं को मिले पिंक ऑटो
“प्रोजेक्ट चक्र” के अंतर्गत आयोजित इस विकासखंड स्तरीय शिविर में महिला हितग्राहियों को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में भी पहल की गई। विधायक अनुज शर्मा की उपस्थिति में ग्राम डोंडेखुर्द की सरिता साहू और ग्राम बरौदा की गायत्री वर्मा को पिंक ऑटो प्रदान किया गया।
पिंक ऑटो मिलने से दोनों महिलाओं को स्वरोजगार का अवसर मिलेगा और वे अपनी आय का साधन विकसित कर सकेंगी। योजना के जरिए महिलाओं को आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाने और उनके लिए रोजगार के अवसर बढ़ाने पर जोर दिया गया।
Read More: Raipur News: 25 करोड़ की रंगदारी और पुलिस को चकमा! शोएब ढेबर फरार, अंदर से सूचना लीक होने का आरोप
एक ही जगह कई सरकारी सेवाओं का लाभ
शिविर में विभिन्न विभागों ने अपने-अपने स्टॉल लगाए थे, जहां नागरिकों को सरकारी योजनाओं की जानकारी देने के साथ पात्र हितग्राहियों के आवेदन और पंजीयन की प्रक्रिया भी की गई। स्वास्थ्य जांच से लेकर श्रम विभाग की आर्थिक सहायता और महिला सशक्तिकरण से जुड़ी योजनाओं तक लोगों को एक ही स्थान पर कई सेवाओं का लाभ मिला।
“सेवा से संकल्प माह” के तहत आयोजित इस शिविर में बड़ी संख्या में नागरिकों की मौजूदगी रही। आयोजकों के अनुसार, शिविर का उद्देश्य सरकारी योजनाओं और सेवाओं को पात्र हितग्राहियों तक सीधे पहुंचाना और लोगों को शासकीय सुविधाओं का लाभ लेने के लिए एक मंच उपलब्ध कराना रहा।






