CISF Camp Firing: जम्मू-कश्मीर: जम्मू-कश्मीर के कठुआ जिले के बसोली इलाके में CISF कैंप में फायरिंग की घटना सामने आई है। शुरुआती जानकारी के मुताबिक, CISF के एक जवान ने अपने ही चार सहकर्मियों पर गोली चला दी, जिससे उनकी मौत हो गई। मृतकों में असिस्टेंट कमांडेंट रैंक के अधिकारी के शामिल होने की भी जानकारी सामने आई है।
अधिकारियों के अनुसार घटना कठुआ स्थित सेवा-II हाइड्रोइलेक्ट्रिक प्रोजेक्ट यूनिट में शाम करीब 7 बजे हुई। बताया जा रहा है कि ड्यूटी बदलने के दौरान CISF जवानों के बीच किसी बात को लेकर बहस हुई थी। इसी दौरान 2009 बैच के एक हेड कॉन्स्टेबल ने अपने सहकर्मियों पर फायरिंग कर दी।
फायरिंग की सूचना मिलते ही मौके पर पुलिस और CISF के वरिष्ठ अधिकारी पहुंचे। घटना के बाद आरोपी हेड कॉन्स्टेबल को पुलिस के हवाले कर दिया गया है। कठुआ जिला पुलिस की टीम ने भी घटनास्थल पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है।
शुरुआती तौर पर घटना को Fratricide यानी आपसी गोलीबारी के तौर पर देखा जा रहा है। हालांकि, फायरिंग की वास्तविक वजह और घटना के पीछे की परिस्थितियां अभी स्पष्ट नहीं हैं। मामले की जांच जारी है।
CISF Camp Firing: CISF मुख्यालय ने घटना की जांच के लिए Court of Inquiry के आदेश दिए हैं। अधिकारियों के मुताबिक, DG CISF पूरे मामले की निगरानी कर रहे हैं और CISF की आंतरिक जांच भी शुरू कर दी गई है। बसोली का यह इलाका हिमाचल प्रदेश की सीमा के नजदीक स्थित है और इसकी सीमा हिमाचल के चंबा जिले से लगती है।






